नामकुम के आर्मी ग्राउंड में सोमवार को आयोजित मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना कार्यक्रम की तैयारी को लेकर शनिवार को रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जिले के वरीय पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और सुगम यातायात की समीक्षा करते हुए उन्हें ब्रीफिंग की। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कार्यक्रम संचालन, कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्था व्यवस्था समय पर कराने को कहा। उन्होंने बताया कि इतने बड़े कार्यक्रम के आयोजन को लेकर ट्रैफिक की समस्या उत्पन्न ना हो, इसके लिए क्यूआरटी (क्विक रेस्पॉन्स टीम) तैनात रहेगी, जो पूरी तरह ट्रैफिक को सुगम बना कर रखने की जिम्मेदारी निभाएगी। कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर डीआईजी सह वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन कुमार सिन्हा, डीडीसी रांची दिनेश कुमार यादव ने भी कई दिशा-निर्देश दिए। कल नामकुम मिलिट्री मैदान की आेर मालवाहक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना कार्यक्रम को लेकर कल नामकुम मिलिट्री मैदान की आेर आने-जाने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। सुबह 8:30 से शाम 4:30 बजे तक वाहनों को डायवर्ट रूट से परिचालित करने का निर्देश दिया गया है। रामपुर रिंग रोड चौक से तुपुदाना रिंग रोड के बीच मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा। कुसई चौक से घाघरा रोड होते हुए सदाबहार चौक तक सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों के अलावा सवारी बसों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। इसी प्रकार एयरपोर्ट रोड से कुटियातू चौक की ओर जाने वाले सभी वाहनों का परिचालन बंद किया गया है। खरसीदाग आेपी से एयरपोर्ट रोड की आेर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल की आेर आने वाली सड़को पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद किया गया है। इससे संबंधित आदेश ट्रैफिक एसपी ने शनिवार को ही जारी कर दिया है।


