ठंडी हवाओं के साथ मावठ , पाले की संभावना कम हुई, कोहरे के कारण पूजा सुपरफास्ट ट्रेन 13 घंटे लेट

बांदीकुई| शहर सहित आसपास के क्षेत्र में शनिवार शाम को मौसम का मिजाज बदल गया। ठंडी हवाओं के बीच रिमझिम बरसात हुई। इससे सर्दी फिर से बढ़ गई। कृषि विभाग बरसात से फसलों को फायदा व पाला पड़ने की संभावना कम बता रहा है। साथ ही 14 जनवरी मकर संक्रांति तक बरसात का मौसम रहने की भी संभावना जता रहा है। शहर में शनिवार सुबह से ही ठंडी हवाओं का दौर चल रहा था। दोपहर में एक बार सूरज निकला लेकिन ठंडी हवाओं से धूप का असर कमजोर रहा। शाम करीब 3:30 बजे अचानक मौसम बदला और बिजली की गडगडाहट के बीच रिमझिम बरसात का दौर शुरू हो गया। करीब 10 मिनट तक बरसात हुई। कृषि अधिकारी उदलसिंह ने बताया कि बरसात सरसों, चना एवं गेहूं के लिए फायदेमंद है। इससे किसानों को इन फसलों में कम सिंचाई की जरुरत पड़ेगी। इसके अलावा बरसात से अब पाला पड़ने की संभावना भी कम हो जाती है। जिससे फसलों को नुकसान नहीं होता है। सुबह के समय कोहरा भी छाया रहा। इसका असर ट्रेनों पर दिखाई दिया। शुक्रवार शाम 5:30 बजे आने वाली अजमेर-जम्मूतवी, पूजा सुपरफास्ट ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 7 घंटे की देरी से रात 1:30 बजे आई। शनिवार सुबह 8 बजे आने वाली जम्मूतवी-अजमेर पूजा सुपरफास्ट ट्रेन 13 घंटे की देरी से चल रही थी। रेलवे ने इस ट्रेन के रात 9 बजे तक आने की संभावना जता रहा था। भास्कर संवाददाता | दौसा जिले में तीन दिन मौसम साफ रहने के बाद शनिवार को कई जगह हल्की मावठ हुई। कहीं बूंदाबांदी तो कहीं पर हल्की बारिश हुई। मावठ से किसानों को चेहरे खिल उठे। मावठ फसलों के लिए फायदेमंद है। देर शाम तक रिमझिम बारिश होने से सर्दी का असर बढ़ गया। सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन बढ़ गई। रविवार को तापमान में 2 डिग्री गिरावट आने की संभावना है। जिले में अधिकांश जगह सुबह कोहरा रहा। दोपहर तक धूप नहीं निकली। दोपहर बाद हल्की बारिश हुई। शाम तक रुक-रुककर हल्की बारिश हुई। बारिश असिंचित क्षेत्र में सरसों व चना की फसल फायदेमंद है। गेहूं, जौ की फसल में भी फायदा होगा। हालांकि, बारिश से सर्दी बढ़ गई। सर्द हवाओं के चलते लोग ठिठुरते रहे। सर्दी से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आए। शुक्रवार रात को भी शीतलहर के चलते सर्दी रही। बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका से किसान चिंतित हैं। कृषि अधिकारी धर्म सिंह गुर्जर का कहना है कि मावठ से फसलों को फायदा होगा। इससे उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। जिले में इस बार 16 दिन में यह दूसरी हल्की मावठ हुई है। 27 दिसंबर को जिले में 11.44 मिमी औसत बारिश हुई थी। हालांकि, बारिश के साथ कई जगह ओले भी गिरे थे। शनिवार दोपहर बाद हल्की बारिश हुई। सुबह 11 बजे तक रहा कोहरा जिले में अधिकांश जगह सुबह से ही कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते विजिबिलिटी कम रहने से वाहन चालकों को वाहन चलाने में परेशानी हुई। इससे नेशनल हाइवे पर वाहनों की गति धीमी रही। कोहरे के कारण वाहन चालक हैडलाइट जलाकर निकले। सुबह करीब 11 बजे तक कोहरे का असर रहा। इससे हाइवे सहित अन्य मार्गों पर वाहन धीमी गति से निकले। जिले में कई जगह रात से ही कोहरे का असर रहा। हल्की बारिश व सर्द हवाओं से सर्दी और बढ़ गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 20 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, 13 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम तापमान 8 डिग्री व 14 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहने की संभावना हैै।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *