ठंड में स्कूलों का समय 9 से 3 करने की:विदिशा में शीतलहर के साथ घना कोहरा; तापमान में गिरावट

विदिशा जिले में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। शुक्रवार सुबह जिलेभर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई और आम जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह करीब 10 बजे धूप निकलने के बाद कोहरा छटा, लेकिन शीतलहर का असर पूरे दिन बना रहा। लोग दिन में भी गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। स्कूल समय बदलने की मांग
सुबह लगभग 8:15 बजे अभिभावक बच्चों को स्कूल छोड़ते नजर आए। अभिभावकों ने अचानक बदले मौसम पर चिंता जताई। उनका कहना है कि वर्तमान में स्कूलों का समय सुबह 8:30 बजे से शुरू होता है। यदि इसे बदलकर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर दिया जाए, तो बच्चों को कड़ाके की ठंड से राहत मिल सकती है। बारिश के बाद लगातार गिर रहा तापमान
पिछले दिनों हुई बारिश के बाद दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। उत्तरी हवाओं की रफ्तार तेज होने से शीतलहर का असर और बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिक सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। कोहरे की स्थिति बनी हुई है। हालांकि इससे फसलों को नुकसान नहीं है, बल्कि फायदा होगा। उन्होंने बताया कि आसमान साफ होने के कारण दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, जबकि रात का तापमान और गिर सकता है। हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी बनी रहेगी। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के चलते शीतलहर का असर अभी जारी रहेगा, लेकिन पाले की कोई आशंका नहीं है। तापमान में भारी गिरावट दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान: 14.5°C से गिरकर 8.5°C अधिकतम तापमान: 28°C से घटकर 26°C बीते तीन दिनों में अधिकतम तापमान 24°C से बढ़कर 25°C और फिर 26.5°C तक पहुंचा है। फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी संभव। सुबह घना कोहरा छाने की संभावना। दिन में धूप खिली रहेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक तापमान में आई यह गिरावट फसलों के लिए लाभकारी साबित होगी। बारिश पहले ही हो चुकी है, इसलिए ठंड के बावजूद पाले का असर कम रहेगा और फसल उत्पादन में करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *