ठगी का आरोपी गिरफ्तार:ईंट भट्ठा मालिक से मजदूर दिलवाने के नाम पर लिए थे 4.76 लाख

ईंट भट्ठे पर मजदूर उपलब्ध करवाने के नाम पर धोखाधड़ी कर 4 लाख 76 हजार रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में पहले से एक आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। अब दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पचेरी कलां थानाधिकारी राजपाल ने बताया कि यह मामला बस्तीराम पुत्र रामेश्वर निवासी जागुवास की शिकायत पर दर्ज किया गया था। बस्तीराम ने पुलिस को बताया कि वह अरावली ब्रिक कम्पनी, ढाणी भालोठ का संचालक है। उसे ईंट भट्ठे के संचालन के लिए मजदूरों की आवश्यकता थी। इसी दौरान आरोपी सुरेश व राजेन्द्र कुमार भट्टे पर आए और मजदूर उपलब्ध करवाने का झांसा देकर विश्वास में लिया। शिकायत के अनुसार दोनों आरोपियों ने आपस में मिलीभगत कर बस्तीराम को भरोसे में लिया और मजदूर भेजने के नाम पर उससे 4 लाख 76 हजार रुपये हड़प लिए। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी मजदूर नहीं भेजे गए और टालमटोल की जाने लगी, तब बस्तीराम को ठगे जाने का अहसास हुआ और उसने मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई। थानाधिकारी राजपाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी साक्ष्यों व गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पहले चरण में आरोपी राजेन्द्र कुमार पुत्र मूलचन्द निवासी बर्सिंगपुरा, तहसील खण्डेला, जिला सीकर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। इसके बाद फरार चल रहे दूसरे आरोपी सुरेश को दस्तयाब कर पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी की वारदात में संलिप्तता स्वीकार की। इसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *