ठगी के लिए म्युल ​​​​​​​अकाउंट, दो आरोपी गिरफ्तार:बलरामपुर पुलिस की कार्रवाई, अकाउंट में हुए लाखों रुपए के ट्रांजैक्शन

बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन फ्राड के लिए उपयोग किए जा रहे दो म्युल अकाउंट के धारकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के बैंक अकाउंट में लाखों रुपए के ट्रांजैक्शन हुए हैं। बलरामपुर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल के माध्यम से म्युल अकाउंट की जानकारी बलरामपुर पुलिस को दी गई थी। थाना बलरामपुर क्षेत्र के बैंकों में दो युवकों द्वारा अकाउंट खुलवाए गए और इनका उपयोग साइबर फ्राड के लिए करना पाया गया। पुलिस ने आरोपी नंदन कुमार रजक (20) निवासी बरदर एवं शोएब खान (31) ग्राम अमटाही, थाना सामरी पाठ को गिरफ्तार किया है। अकाउंट में हुए लाखों रुपये के ट्रांजैक्शन
मामले की जांच में पता चला कि सामरी पाठ निवासी शोएब खान के द्वारा उत्कर्ष स्माल फाइनेंस शाखा के बैंक खाते में 8 लाख 22 हजार रुपए का अवैध ट्रांजैक्शन पाया गया है। यह राशि देश के अलग-अलग स्थानों से बैंकों से ट्रांसफर की गई है। इस संबंध में पूछताछ पर शोएब खान कोई जानकारी नहीं दे सका। वहीं नंदन कुमार रजक के द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, एचडीएफसी बैंक, स्टेट बैंक, केनरा बैंक में खुलवाए गए खातों में लाखों रुपए के ट्रांजैक्शन हुए हैं। नंदन कुमार रजक द्वारा इन बैंक खातों में लाखों के ट्रांजैक्शन का कोई जवाब नहीं दिया गया। दोनों मामले में पुलिस ने धारा 317(2), 317(4), 317(5), 318(4), 61(2)(क) का अपराध दर्ज किया। बलरामपुर थाना प्रभारी भापेंद्र साहू ने बताया कि दोनों युवकों को गिरफ्तार कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *