कोकर के शिव शक्ति नगर निवासी सूरज साहेब से एक लाख 8 हजार ठगी कांड में शामिल डिलीवरी ब्वॉय की पहचान करने के बाद पुलिस ने कई जानकारी जुटाई है। आरोपी डिलीवरी ब्वॉय देवघर का रहने वाला है। ऐसे में पुलिस की एक टीम जल्द ही उसे गिरफ्तार करने के लिए देवघर जाएगी। मालूम हो कि 20 मई को कोकर स्थित शिव शक्ति नगर निवासी सूरज साहेब को क्रेडिट कार्ड का चार्ज कटने की बात कहते हुए साइबर अपराधियों ने झांसे में लिया था। साइबर अपराधी उन्हें एक लिंक भेजकर एक लाख 8 हजार ठग लिए थे। पीड़ित ने 28 मई को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने अजय कुमार नामक एक आरोपी को देवघर से गिरफ्तार की थी। ठगी के पैसे से खरीदे गए एसी और फ्रीज के अलावा मोबाइल भी जब्त किया गया था। जांच में इस बात की जानकारी मिली थी कि ठगी कांड में एक डिलीवरी ब्वॉय की भी संलिप्तता है। डिलीवरी ब्वॉय का नाम भी पुलिस को मिला है जिसके बाद से उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।


