फातिमा की माता गिरजा, हुलहुंडू कैथोलिक पल्ली के 419 बच्चे-बच्चियों ने शनिवार को दृढ़ीकरण संस्कार ग्रहण किया। रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने मिस्सा बलिदान अर्पित किया और दृढ़ीकरण संस्कार की धर्मविधि पूरी की। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि जैसे एक माता अपने बच्चों को नहला धुलाकर तेल से मालिश करती है, ताकि बच्चा सुस्वस्थ और बलवान बनें, वैसे ही प्रभु ईश्वर भी दृढ़ीकरण संस्कार द्वारा हमें हमारी आध्यात्मिकता और विश्वास में मजबूत बनाता है। संस्कार ग्रहण करने वाले सभी बच्चे-बच्चियों को उन्होंने पवित्र आत्मा के सातों वरदानों के बारे में बताया। साथ ही सभी को शुभकामनाएं देते हुए अच्छा ख्रीस्तीय जीवन जीने का संदेश दिया। इस अवसर पर हुलहुंडू के पल्ली पुरोहित फा. विंसेंट मिंज, सहायक पुरोहित फा. ब्रिसियुस मिंज, फा. फिलमोन लकड़ा, फा. रोशन तीडू, फा. मनोज, फा. एडविन मिंज, फा. इग्नेशियूस केरकेट्टा, महाधर्माध्यक्ष के सचिव फा. असीम मिंज अन्य पुरोहितगण, धर्म-बहनें एवं हजारों की संख्या में विश्वासी उपस्थित थे।


