बाड़मेर में बेकार सड़क बनाने पर ग्रामीणों ने विरोध किया तो ठेकेदार से बहस हो गई। ठेकेदार ने शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी का नाम लेते हुए ग्रामीणों को धमकाया। इतना ही नहीं ठेकेदार ने लोगों से कहा- पैरों में जूते पहने हुए हैं, गांव से निकलते ही जूते मारूंगा। ठेकेदार-ग्रामीणों के बीच 20 दिसंबर को हुई बहस का गुरुवार को वीडियो सामने आया। इसके बाद शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने ऑडियो जारी कर गांव वालों से माफी भी मांगी। हालांकि ठेकेदार और विधायक के बीच कोई रिश्ता नहीं है। गांव वाले निर्माण देखने पहुंचे तो सड़क उखड़ने लगी थी
दरअसल, शिव विधानसभा के देवका से मती का गोल तक 2.5 किलोमीटर लंबी रोड बनाने का ठेका मैसर्स भवानी सिंह तेजमालता के नाम से हुआ था। 20 दिसंबर को ग्रामीण रोड की क्वालिटी चेक करने पहुंचे थे, तब सड़क उखड़ने लगी थी। इसके बाद ठेकेदार भवानी सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को कहने लगे कि रोड क्यों खोदी? इस दौरान ग्रामीण भूर सिंह और अन्य के साथ बहस हो गई। इस दौरान ठेकेदार गांव वालों को धमकाने लगा और गालियां भी दी। बोला- रविंद्र भाटी मेरा भाई, अभी वीडियो बनाकर भेजता हूं
ठेकेदार ने खुद को शिव विधायक का भाई बताया और कहा कि मैं अभी वीडियो बनाकर रविंद्र भाटी को भेजता हूं। इस पर ग्रामीणों ने कहा- विधायक हमने बनाया तो ठेकेदार ने गालियां देते हुए कहा- सब वोट तुम्हारे पास ही है क्या? मामले को लेकर जब रविंद्र सिंह भाटी से बात की तो उन्होंने कहा- सभ्य समाज में ऐसी चीजों की कहीं भी जगह नहीं है। काम क्वालिटी के साथ होना चाहिए। इसके साथ किसी तरह का कॉम्प्रोमाइज नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों का हक है, गलत होने पर विरोध कर सकते हैं। अधिकारी बोले- मैं मौके पर जाकर रोड की क्वालिटी चेक करूंगा
मामले को लेकर पीडब्लूडी विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE) सुराराम ने बताया- 48 लाख की लागत से देवका से मती का गोल रोड का टेंडर हुआ था। अभी काम चल रहा है। मैं मौके पर जाकर रोड की क्वालिटी चेक करूंगा। अब पढ़िए, ठेकेदार और ग्रामीणों के बीच हुई बातचीत… ठेकेदार- तुम इस रोड के इंजीनियर हो? ग्रामीण- हम इंजीनियर नहीं है, लेकिन रोड हमारे गांव में है। ये रोड हमारी है। ठेकेदार- रोड मेरी है। मैं 5 साल तक इसका धनी हूं। टेंडर नहीं है, पांच साल हमारी गारंटी है। ग्रामीण- रोड पर माल नहीं आया हुआ है, रोड खुदी पड़ी है। ठेकेदार- माल कैसे नहीं आया है। तुम लोगों ने खोदी है। एईएन साहब से बात कर एफआईआर करवा रहा हूं। ग्रामीण- करवा दो एफआईआर, तुम्हारी एक एफआईआर से दबेंगे नहीं। ठेकेदार- पैरों में जूते पहने हुए हैं। देवका गांव से निकलते ही जूते मारूंगा। ग्रामीण- आपने ठेका लिया है? ठेकेदार- जूते मारूंगा, बहुत दिन मजाक किया है। ग्रामीण- रोड के रुपए लग रहे हैं। ठेकेदार- बापूजी के नहीं लग रहे है। @#$%….आया जागीरदार। ग्रामीण – हम नहीं है जागीरदार। ठेकेदार- आपका इसमें क्या लेना-देना है? ग्रामीण- हम रोड देख सकते हैं। ठेकेदार- आपको किसी ने अथॉराइज किया है क्या? ग्रामीण- हां… अथॉराइज है। ठेकेदार- एमएलए ने अथॉराइज किया है। गांव की रोड बने, लाड साहब गांव का धनी। ग्रामीण- गांव के तो धनी हैं ही। ठेकेदार- धनी थे कोनी हो, धनी है तेजमालता… मेरे बाप की जागीरी का गांव है। ग्रामीण- आपके बाप की जागीरी है तो ऐसा काम करवाएंगे क्या? ठेकेदार- सरकार देती है वैसा काम करवा रहा हूं। ग्रामीण- सरकार इतना देती है और ये हमारी नई सेक्शन है। ठेकेदार- तुम्हारी नई सेक्शन या पुरानी, फालतू बकवास कर रहे हो। (फिर गालियां दी) ग्रामीण- देख लेंगे जो भी बिखरेगा। हमारे रोड सही बना दो। ठेकेदार- आप लोग मेरे धनी हो क्या? इनके बाप के पैसे लग रहे है क्या? ग्रामीण- सरकार के पैसे हैं। ठेकेदार- सरकार कौन है, आप सरकार से क्या मांगते हो, सरकार जैसी तुम्हारी है वैसी हमारी नहीं है क्या? ग्रामीण- आपकी है तभी ऐसा बोल रह हो। ठेकेदार- फालतू बकवास कर रहे हो। @#$%….मेरा नाम भवानी है। लाड साहब.. मेरी बनाई रोड तोड़ रहे हो… मैंने जूते पहनकर रख हुए हैं। ग्रामीण- किसने तोड़ी, बच्चों ने तोड़ी है। ठेकेदार- आप लोगों ने तुड़वाई है। बच्चे किसके हैं? यहां के हैं या फिर बाहर से आए हैं? ग्रामीण- चलते बच्चे देख रहे थे। ठेकेदार- तोड़ी क्यूं इनके बाप की है रोड, करोड़ों रुपए मैं लगा रहा हूं। ग्रामीण- सरकार की है रोड। ठेकेदार- सरकार की है इस पर कोई भी चल सकता है। चलते आदमी को रोका है तुमने। जागीरदार…@#$%….तीन पैसे का है। ग्रामीण- हम क्यूं रोकेंगे? ठेकेदार- जो करना है कर लो। @#$%….फिर धमकी दी…मेरे भाइयों के डेढ़ सौ गांव है, तुमको नहीं पता मैं क्या कर सकता हूं। 10 लोगों को बुलाकर मारपीट करवा सकता हूं। ग्रामीण- मैंने आपको कुछ कहा ही नहीं। ठेकेदार- तेरे बाप का लेना-देना नहीं, रोड मेरे भाई एमएलए की है। रोड बनाऊं सरकार की, एईएन सरकार का। तो क्यों तोड़ी, आपके बाप का बंट है क्या? ग्रामीण- जगह-जगह गड्ढे किए हुए हैं। पाइप लाइन निकाल रहे हैं। ठेकेदार- क्यों गड्ढे करोंगे। परमिशन लेनी चाहिए। पांच साल तक इस रोड का मैं धनी हूं। मैं वीडियो बनाता हूं अभी भेजता हूं रविंद्र सिंह को। ग्रामीण- रविंद्र को हमने बनाया, तब विधायक बना है। ठेकेदार- गालियां देते हुए…तुमने नहीं बनाया, सब वोट तुम्हारे पास ही है। तुम्हारा इस रोड से क्या लेना-देना है। पांच साल तक इस रोड की मेरी जिम्मेदारी है। एक-एक मार खाएगा, @#$%….मेरी रोड बनाई हुई तुम तोड़ोगे क्या?


