डंडई : नीलांबर-पीतांबर प्रखंड स्तरीय फुटबॉल मैच का आयोजन, हेताड़ व आकाश इलेवन फाइनल में

प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान उच्च विद्यालय के मैदान में शुक्रवार को नीलांबर-पीतांबर प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई टीमों ने भाग लिया और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक खेल का प्रदर्शन किया। पहला सेमीफाइनल मुकाबला डंडई की आदिवासी टीम और हेताड़ की टीम के बीच खेला गया। निर्धारित 30 मिनट के खेल और 10 मिनट के अतिरिक्त समय में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद टाई-ब्रेकर में पहले 5-5 पेनल्टी और फिर तीन-तीन पेनल्टी के बाद हेताड़ की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला आकाश इलेवन रंका और चिनिया प्रखंड की राजबास टीम के बीच हुआ, जिसमें आकाश इलेवन ने पहले हाफ में एक गोल कर रोमांचक जीत हासिल की। अब फाइनल मुकाबला 4 जनवरी 2026 को हेताड़ और आकाश इलेवन टीम के बीच खेला जाएगा। कमेटी के कोषाध्यक्ष नीलकंठ सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के फुटबॉल खिलाड़ियों में छिपी प्रतिभा को सामने लाना है। उन्होंने बताया कि रेफरी की भूमिका उन्होंने स्वयं निभाई, जबकि जितेंद्र कुमार और प्रेम सिंह भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय जिला परिषद सदस्य मोहन पासवान ने किया। उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मोहन पासवान ने कहा कि खेल को जीत–हार से ऊपर उठकर भाईचारे और खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। खेल से शरीर के साथ-साथ मन और मस्तिष्क भी स्वस्थ रहता है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए वे हर संभव सहयोग करेंगे। मौके पर भाजपा नेता अलख निरंजन प्रसाद, अशोक प्रसाद, प्रतियोगिता अध्यक्ष रामप्यारे सिंह, सचिव विजय कुमार सिंह, संगठन सचिव रणविजय सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष तेज बहादुर सिंह, बुद्धि नारायण सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *