सड़क सुरक्षा सप्ताह… नियम तोड़ने वाले चालकों को गुलाब देकर किया जागरूक

जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश के निर्देश पर शुक्रवार को सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय के समीप की गई। मौके पर सड़क सुरक्षा समिति की ओर से अनोखे और सकारात्मक तरीके से यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले 43 बाइक चालकों को गुलाब का फूल देकर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों ने वाहन चालकों को रोड सेफ्टी, रोड ऐट रोड तथा सुरक्षित यातायात से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान लोगों को बताया गया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही कैसे जानलेवा साबित हो सकती है। समिति की ओर से वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की अपील की गई। कार्यक्रम में वाहन चालकों को हिट एंड रन कानून और गुड सेमेरिटन योजना की भी विस्तृत जानकारी दी गई। समिति के सदस्यों ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिकों को कानून के तहत सुरक्षा और सम्मान प्रदान किया जाता है, जिससे लोग बिना किसी डर के आगे आकर सहायता कर सकें। जागरूकता अभियान के तहत लोगों के बीच गुलाब का फूल, माला, रोड सेफ्टी हैंडबुक और पंपलेट का वितरण किया गया। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। मौके पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक संजय बैठा, विनय रंजन तिवारी, नीरज पांडेय सहित सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *