डंडई : पचौर गांव के मजदूर की चेन्नई में मौत, मातम

भास्कर न्यूज | डंडई डंडई थाना क्षेत्र के पचौर गांव निवासी मजदूर अरविंद कुमार सिंह की चेन्नई में मजदूरी के दौरान ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई। गांव में जैसे ही उनका शव पहुंचा,परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। मिली जानकारी के अनुसार पचौर गांव निवासी बुद्धि नारायण सिंह के पुत्र अरविंद कुमार सिंह कुछ महीने पहले तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में सरिया सेटिंग का काम करने गए थे। काम के दौरान अचानक ऊंचाई से गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में किसी प्रकार का उद्योग या फैक्ट्री नहीं होने के कारण यहां के युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। मजबूरी में उन्हें रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में मजदूरी करने जाना पड़ता है। कई बार ऐसे हादसों में मजदूरों की जान चली जाती है और उनका शव ही घर लौटता है। ग्रामीणों ने बताया कि अरविंद कुमार सिंह परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जनप्रतिनिधि मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। जनप्रतिनिधियों ने सरकार से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *