गढ़वा में दो और बंशीधरनगर से एक प्रत्याशी ने नामांकन वापस लिया

बंशीधर नगर | नगर पंचायत चुनाव के नाम वापसी के दिन अध्यक्ष पद प्रत्याशी रुपसाना खातून ने अपना नाम वापस ले लिया है। जबकि वार्ड पार्षद के लिए एक भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। अनुमंडल कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रुपसाना खातून में शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ प्रभाकर मिर्धा से अपना नाम वापस ले लिया। रुपसाना खातून के नाम वापस लेने के बाद अब अध्यक्ष पद के लिये 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिसमें निवर्तमान अध्यक्ष विजया लक्ष्मी देवी, उपाध्यक्ष लता देवी, भाजपा समर्थित प्रत्याशी रेखा गुप्ता, झामुमो नेत्री किरण देवी, भाजपा नेता राजू सिंह की पत्नी सुधा देवी, युवा समाज सेवी व झामुमो नेता महमूद आलम सीनियर की पत्नी शमीमा बानो, जदयू नेता रविप्रकाश उर्फ बबलू की पत्नी साधना देवी, बालेश्वर ठाकुर की पत्नी रीना देवी, रूबी देवी एवं पिंटू देवी चुनाव मैदान में हैं। वहीं वार्ड पार्षद के लिये 92 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिसमें वार्ड नं एक में 8, दो में 5, तीन में 5 चार में 5, पांच में 4, छह में 6, सात में 4, आठ में 3, नौ में 4, दस में 4, ग्यारह में 7, बारह में 6, तेरह में 3, चौदह में 5, पंद्रह में 8, सोलह में 9 एवं सतरह में 6 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भास्कर न्यूज | गढ़वा नगरपालिका चुनाव को लेकर शुक्रवार को नगर परिषद गढ़वा के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार जितेंद्र सिन्हा और संध्या सोनी ने नामांकन वापस ले लिया है। वहीं मझिआंव नगर पंचायत से किसी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया है। अब चुनाव मैदान में गढ़वा से अध्यक्ष पद के 12 प्रत्याशी और मझिआंव से सभी नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सात फरवरी को प्रत्याशियों को सिंबल दिया जाएगा। गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र से अध्यक्ष पद के लिए कुल 16 लोगों ने फॉर्म खरीदा था, जिसमें से कंचन साहू और सुरेंद्र विश्वकर्मा ने नामांकन ही दाखिल नहीं किया। वहीं जितेंद्र सिन्हा और संध्या सोनी ने नामांकन वापस ले लिया है। गढ़वा से भाजपा समर्थित प्रत्याशी कंचन जायसवाल, झामुमो समर्थित प्रत्याशी संतोष कुमार केसरी, मो मासूम रजा, अनीता दत्त, अनिल पांडेय, संजय कुमार, मो याकूब, दीपक शर्मा, बसंत लाल, अलख नाथ पांडेय, आशीष सोनी व राजद समर्थित विकास कुमार माली चुनाव मैदान में हैं। वहीं मझिआंव के सुमित्रा देवी, मारूत नंदन सोनी, सत्येश्वरी देवी, वीरेंद्र राम, शोभा देवी, गिरिश पांडेय, सूर्यदेव माली, पुष्पक पांडेय व संजय कुमार सिंह चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। विदित हो कि सात फरवरी को चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना का कार्य किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *