एनाम खान | गढ़वा सत्र 2026- 27 में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में नामांकन को लेकर अभिभावक उदासीन दिख रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू करने के 15 दिन बाद भी अभी तक लक्ष्य के अनुरूप भी नामांकन के लिए आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। जबकि अब महज 10 दिन ही नामांकन के लिए आवेदन करने का समय शेष रह गया है। अभी तक 380 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। जबकि आवेदन भरने की अंतिम तिथि 16 फरवरी तक है। इस संबंध में बताया गया कि गढ़वा जिला के तीन सीएम स्कूल एक्सीलेंस विद्यालय के 423 सीटों के लिए नामांकन को लेकर आवेदन भरने की प्रक्रिया 22 जनवरी से शुरू है। सीबीएसई से संबद्ध अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में पढ़ाई की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। जिले में रामा साहू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन होगा। इसके अतिरिक्त जिन कक्षाओं में सीटें रिक्त होंगी। वहां भी नामांकन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस संबंध में परियोजना निदेशक के द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि कक्षा 6 से 9 में नामांकन के लिए विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। यह राज्य स्तरीय चयन परीक्षा झारखंड शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद (जीसीईआरटी) की ओर से आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लिए जा रहे हैं आवेदन इस संबंध में बताया गया कि आवेदन ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लिए जा रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए लिंक विभिन्न प्लेटफार्म पर उपलब्ध है। एनआईसी की आधिकारिक वेबसाइट तथा सीएम एक्सीलेंस ऑफ स्कूल के वेबसाइट पर भी आवेदन फार्म उपलब्ध है। आवेदन फार्म नि:शुल्क है। वहीं नामांकन में जिला स्तरीय आरक्षण रोस्टर का पालन होगा। फैक्ट फाइल आवेदन की तिथि: 16 फरवरी तक, आवेदन फार्म की स्क्रूटनी: 18 से 20 फरवरी तक, प्रोविजनल सूची जारी: 24 फरवरी, प्रवेश परीक्षा की तिथि: 10 मार्च, स्कूल स्तर पर पहले मेधा सूची : 17 मार्च, चयनित बच्चों का नामांकन : 18 से 17 मार्च, सत्र प्रारंभ : 1 अप्रैल किस वर्ग में कितना है सीट वर्ग छह: 185, वर्ग सात: 26, वर्ग आठ: 07, वर्ग नौ: 85, वर्ग ग्यारहवीं: 120, टोटल: 423 मात्र 148 आवेदन प्राप्त हुए रामा साहू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य राजा राम पासवान ने कहा कि सत्र 2026-27 में उनके विद्यालय में 125 सीटों पर नामांकन के लिए अभी तक 148 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि उनके विद्यालय में कक्षा षष्ठम में 80 एवं कक्षा नवम में 45 सीटों पर नामांकन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की सहूलियत को लेकर एक हेल्प डेस्क बनाया गया है। ताकि अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। 140 आवेदन प्राप्त हुआ है: बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्य शिल्पी कुमारी के अनुसार बालिका उत्कृष्ट विद्यालय में 273 सीटों पर नामांकन के लिए अभी तक 140 आवेदन प्राप्त हुआ है। जिसमें 90 ऑनलाइन तथा 50 ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके विद्यालय में कक्षा षष्ठम में 80, सप्तम में 26, अष्टम में सात, नवम में 40 तथा ग्यारहवीं में 120 सीटों पर नामांकन किया जाएगा। 92 आवेदन प्राप्त हुआ है: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गढ़वा की प्राचार्य अनुपमा प्रतिभा तिर्की के अनुसार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कक्षा षष्ठम के कुल 25 सीटों पर नामांकन को लेकर अभी तक 92 आवेदन प्राप्त हुआ है। बनाए गए हेल्प डेस्क नामांकन प्रक्रिया में अभिभावकों की सहायता के लिए प्रत्येक सीएम स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस में एक हेल्प डेस्क बनाया गया है। जहां अभ्यर्थियों तथा उनके अभिभावकों को एसएमसी सदस्य मार्गदर्शन कर रहे हैं।


