डंपर को बचाकर भागने वाला स्कॉर्पियों चालक गिरफ्तार:गाड़ी की जब्त, खनिज विभाग की नाकाबंदी तोड़कर भाग गया था डंपर चालक

अजमेर की नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने खनिज विभाग की नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे डंपर का पीछा करने के दौरान राजकार्य में बाधा डालने वाले स्कार्पियो चालक को गिरफ्तार किया है। जिसकी गाड़ी को भी पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे अवैध बजरी से भरे डंपर का पीछे करने के दौरान खनिज विभाग की टीम के कार्य में बाधा डालकर फिल्म स्टाइल से डंपर चालक को मौके से भगा दिया था। जिसके बाद डंपर चालक मौके पर मिट्टी खाली कर फरार हो गया। घटना नेशनल हाईवे 48 स्थित दिलवाड़ा पुलिया के पास की है। नसीराबाद सदर थाना प्रभारी अशोक बिशु ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ग्राम नगर, बिजयनगर निवासी गोपाल उर्फ राजभंवर सिंह पुत्र भगवान सिंह न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने स्कॉर्पियो कार भी जब्त कर ली है। यह था घटनाक्रम मामले के अनुसार गत 13 दिसंबर को खनिज विभाग का जांच दल विभाग के कार्यदेशक शिवोन ब्रिटो पुत्र जैक ब्रिटो, कार्यदेशक दीपक चौहान और वरिष्ठ कार्यदेशक श्रवण सिंह बॉर्डर होमगार्ड के साथ दिलवाड़ा बाईपास पुलिया के पास जांच कार्यवाही कर रहे थे। इसी दौरान भीलवाड़ा की ओर से एक बजरी से भरा बिना नंबरी एक डंपर आया जिसे जांच टीम ने रूकने का ईशारा किया तो डंपर चालक डंपर को भगाकर किशनगढ़ की तरफ ले जाने लगा। जिस पर खनिज विभाग की टीम ने डंपर का पीछा किया तो पीछे से आई एक काले रंग की स्कार्पियो कार ने कार को टीम के वाहन और डंपर के बीच फंसाने का प्रयास किया और ब्रेक लगाकर वाहन को डंपर तक पंहुचने में बाधा उत्पन्न की। इस दौरान डंपर चालक ने लिफ्ट ऊंची कर डंपर में भरी बजरी को सड़क पर फैलाते हुए नीचे गिरा दिया और इसके बाद डंपर व स्कार्पियों वाहन दोनों मौके से फरार हो गए थे। जिसके बाद खनिज विभाग के कार्यदेशक शिवोन ब्रिटो ने डंपर और स्कार्पियों चालक पर राजकार्य में बाधा पंहुचाने के आरोप में सदर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। ( इनपुट-सुधीर मित्तल, रियाज अहमद)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *