डबरा के भितरवार अनुविभाग के ग्राम कैरुआ के पास स्थित कंजरों के चक पर सोमवार शाम एक किसान को गोली मारकर ढाई लाख रुपए लूट लिए गए। गोली लगने से घायल वृद्ध किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार लाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। भितरवार अनुविभाग के ग्राम रिछारी खुर्द निवासी 45 वर्षीय किसान हरि सिंह पुत्र राम भरोसे रावत ने हाल ही में अपनी धान की फसल बेची थी, जिससे उन्हें 2 लाख 55 हजार रुपए की राशि मिली थी। इस राशि में से 5 हजार रुपए खर्च करने के बाद वह शेष ढाई लाख रुपए लेकर बाइक से शिवपुरी जिले के सीहोर थाना क्षेत्र के ग्राम बनियानी में अपने रिश्तेदार विक्रम रावत को देने जा रहे थे। सोमवार की शाम करीब 8 बजे, जब वह ग्राम कैरुआ के पास कंजरों के डेरे से गुजर रहे थे, तभी दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने किसान से रुपए से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। जब हरि सिंह ने विरोध किया, तो उन पर गोली चला दी। गोली उनके पैर में लगी और आरोपी बैग लेकर फरार हो गए। राहगीरों ने दी परिजनों को सूचना घटना के बाद, आसपास के राहगीरों ने तुरंत किसान के रिश्तेदारों को सूचना दी। रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और हरि सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया। पुलिस कर रही है जांच मामले की जानकारी मिलते ही भितरवार एसडीओपी जितेंद्र नगायच और थाना प्रभारी अतुल सोलंकी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने किसान के बयान दर्ज किए और जांच शुरू की। भितरवार एसडीओपी ने कहा कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


