बायपास पर हादसा:निजी कॉलेज में कैंटीन संचालित करने वाले दंपती को ट्रक ने रौंदा, दोनों की मौके पर मौत

खजराना क्षेत्र में एक दंपती की सड़क हादसे में मौत हो गई। दंपती एक निजी कॉलेज में कैंटीन संचालित करते हैं। दोनों सुबह कॉलेज के लिए निकले थे तभी बायपास पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक पुरुष के शरीर से होता हुआ गुजर गया। महिला को भी गंभीर चोट लगी। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने काफी दूर तक ट्रक का पीछा कर ड्राइवर को पकड़ा, ट्रक जब्त कर लिया गया है। टीआई मनोज सेंधव के मुताबिक स्कीम-140 में रहने वाले अजय जैन (56) और अंजलि (50) की सोमवार सुबह 10.30 बजे सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना स्टार चौराहे से आगे बायपास पर हुई। परिजन ने बताया कि वे दोनों बायपास पर स्थित एक निजी कॉलेज में कैंटीन चलाते थे। सुबह कैंटीन जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी थी। तीन महीने पहले ही कैंटीन ली थी परिजन ने बताया कि दंपती पहले एक रेस्टोरेंट संचालित करते थे। तीन महीने पहले ही उन्होंने कॉलेज में कैंटीन का काम शुरू किया था। वे रोजाना घर से निकलकर पहले जैन मंदिर दर्शन करते थे, उसके बाद कॉलेज रवाना होते थे। सोमवार सुबह भी ऐसा ही हुआ। दंपती का बेटा आईटी कंपनी में जॉब करता है। बेटी जबलपुर में वेटरनरी डॉक्टर है। पुलिस को शव पहचानने में परेशानी हुई एसआई अजय सिंह कुशवाह ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि दंपती के शव क्षत-विक्षत हो गए थे। पुरुष का शव पहचानने में काफी परेशानी हुई। उनके पास मिले दस्तावेज के आधार पर उनका पता तुकोगंज का मिला, लेकिन आवास पर पहुंचे तो कोई जानकारी नहीं मिली। काफी पड़ताल के बाद एक नंबर मिला तो हादसे की सूचना दी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *