कैथल पहुंचे भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धपुर के अध्यक्ष सरदार जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि पंजाब में बाढ़ के मामले की जांच होनी चाहिए कि यहां बाढ़ आई है या लाई गई है। उन्होंने कहा कि बाढ़ आने लेकर 10 दिन तक केंद्र और प्रदेश सरकार चुप रही। जांच कर ऐसे व्यक्ति की पूरी संपत्ति जब्त की जानी चाहिए जिसने दोनों प्रदेशों में इतना नुकसान किया। डल्लेवाल रविवार को किसान नेता होशियार सिंह गिल के निवास पर पहुंचे। डल्लेवाल ने कहा कि जिस तरीके से सभी सरकारों का एक ही एजेंडा है कि कार्पोरेट को ऊपर कैसे लाना है और किसानों को मजदूर बनाकर कार्पोरेटरों को सस्ती लेबर कैसे उपलब्ध करवाना है। इसी पर सरकारें काम कर रही है। जब किसानों को लेकर कोई ऐसा एजेंडा सरकार लाती है तो हमारा कर्तव्य बनता है कि उसके खिलाफ लड़ें। उन्होंने कहा कि, जैसे थ्री ट्रेड एग्रीमेंट की बात सामने आ रही है। आज हर जगह किसानों को टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार बरसात के कारण फसलें डूब गईं। ऐसे में सरकार की ओर से जो घोषणाएं की जा रही है, वे किसान हित में नहीं हैं। ऐसा करके किसानों का मजाक उड़ाया जा रहा है। इसे देखते हुए हमारी जिम्मेदारी बनती है कि इस बात को सरकार के आगे ले जाएं। किसानों की खराब फसलों के नाम पर किसानों को जो राशि देने की घोषणा की गई, वह ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। सरकार की किसानों को लेकर जो नीतियां आ रही हैं, उनके खिलाफ एकजुट होने की जरूरत है। भाकियू धन्ना भगत को भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धपुर में शामिल किया उन्होंने किसान नेता होशियार गिल के संगठन भाकियू धन्ना भगत को भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धपुर में शामिल किया। साथ ही कहा कि अब किसान एकजुट होकर लड़ने की तैयारी में हैं और सबको एक होना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि होशियार गिल को यूनियन में बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। किसानों के पहले कई संगठन बन गए थे, अब उनको एकजुट किया जा रहा है ताकि किसानों के मुद्दों को लेकर आवाज मजबूत की जा सके।


