भास्कर न्यूज | जालंधर ‘युद्ध नशे के विरूद्ध’ मुहिम के तहत जिला प्रशासन एक और अनूठी पहल करते हुए विरसा विहार में संगीत, डांस और थिएटर क्लासें शुरू करने जा रहा है। डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने अधिकारियों को 1 मार्च से संगीत, डांस और थिएटर क्लासें शुरू करने के लिए पूर्ण सक्रियता के साथ तैयारियां तथा आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में जिला कल्चरल एंड लिटरेरी सोसाइटी की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए डीसी अग्रवाल ने कहा कि जालंधर कला और संस्कृति का केंद्र रहा है, जिसे और प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवाओं को अपनी समृद्ध विरासत से जोड़ने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है। इन क्लासों के लिए नियमित अनुभवी और विशेषज्ञ इंस्ट्रक्टर की तैनाती की जाए ताकि छात्रों को उच्च स्तर की शिक्षा प्रदान की जा सके। क्लासें सुबह और शाम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चलाई जाएं, जिससे युवाओं को अपनी सुविधा अनुसार भाग लेने का अवसर मिल सकेगा। क्लासों के लिए आवश्यक संगीतमय साज, उपकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं का प्रबंध पहले ही पूरा कर लिया जाए ताकि क्लासें निर्धारित समय अनुसार शुरू की जा सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल युवा पीढ़ी को अपनी विरासत, संस्कृति और कला से जोड़ने के साथ-साथ उनके अंतर्निहित कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मीटिंग के दौरान विरसा विहार में स्थित ऑडिटोरियम के नवीनीकरण संबंधी भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। डिप्टी कमिश्नर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऑडिटोरियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि भविष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, संगीतमय समागम और अन्य कलात्मक गतिविधियां उचित ढंग से करवाई जा सकें। मीटिंग के दौरान विरसा विहार कमेटी के सदस्य भी मौजूद थे।


