भास्कर न्यूज| लुधियाना महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित प्रतिष्ठित 20वीं ऑल इंडिया कल्चरल नेशनल डांस कॉन्टेस्ट एंड फेस्टिवल ‘नृत्य दर्पण’ में लुधियाना की दो छात्राओं ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया है। यह चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता अखिल नटराजम आंतर सांस्कृतिक संघ (एएनएएसएस इंडिया) द्वारा आयोजित की गई थी, जो इंटरनेशनल डांस काउंसिल, पेरिस और यूनेस्को (UNESCO) से मान्यता प्राप्त संस्था है। इस राष्ट्रीय स्तर के मंच पर देश भर से 600 से अधिक नर्तकों ने हिस्सा लिया, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद, लुधियाना की छात्राओं ने अपने आत्मविश्वास और मंच प्रदर्शन से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया। जूनियर कैटेगरी में हिस्सा लेने वाली इनायत गुप्ता ने शास्त्रीय कथक और सेमी-क्लासिकल डांस में अपनी प्रस्तुति दी। कथक डांस में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि सेमी-क्लासिकल कैटेगरी में दूसरा स्थान मिला। उनकी भाव-भंगिमा, तालमेल और तकनीक को जजों ने खास तौर पर सराहा। इनायत की परफॉर्मेंस में परिपक्वता और निरंतर अभ्यास साफ दिखाई दिया। वहीं माइनर कैटेगरी में, अंडर 9 उम्र वर्ग की काइना ने हिप-हॉप और कंटेम्पररी डांस में हिस्सा लिया। दोनों ही डांस स्टाइल में काइना ने तीसरा पुरस्कार जीता। कम उम्र में इतने बड़े मंच पर आत्मविश्वास के साथ परफॉर्म करना आसान नहीं होता, लेकिन काइना ने अपनी एनर्जी और एक्सप्रेशन से सभी को प्रभावित किया। इस सफलता पर संगीताज स्टूडियो ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स की फाउंडर और डायरेक्टर डॉ. संगीता बी. कुशवाहा ने बच्चों की मेहनत की सराहना की।


