अमृतसर| भारतीय डाक विभाग द्वारा 6 से 10 अक्तूबर तक देश में राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इसको लेकर विभाग के एसएसपी प्रवीण प्रसून ने बताया कि डाक विभाग की स्थापना 1 अक्तूबर 1854 को हुई थी। इसीलिए हर साल अक्तूबर में राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जाता है। इसके दौरान डाक विभाग की सेवाओं के अनुसार विभिन्न दिनों का आयोजन किया जाता है। जिसमे प्रौद्योगिकी दिवस, वित्तीय सशक्तिकरण दिवस, फिलाटेली एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस, ग्राहक दिवस, विश्व डाक दिवस आदि प्रमुख हैं। इस सप्ताह के दौरान शहर के डाक विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर पीएलआई, आरपीएलआई, बचत बैंक और आधार कार्ड से संबंधित शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्य डाकघर में दिनांक 8 अक्तूबर को सेमिनार आयोजित किया जाएगा। जिसमें स्कूली बच्चों को डाक विभाग की कार्य प्रणाली एवं डाक टिकटों के बारे में जागरूक किया जाएगा।


