चाईबासा| प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के मोहम्मद शाकिर के निर्देश पर प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने शुक्रवार को कुमारडुंगी प्रखंड क्षेत्र के कलइया गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डायन हत्या से पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि प्राधिकार की ओर से उन्हें विधिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने परिवार के बच्चों को खाद्य सामग्री भी प्रदान की। इस मौके पर चौधरी ने कहा कि डायन प्रथा निषेध अधिनियम 2001 में दोषियों को कड़ी सजा का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी ऐसी अप्रिय, असत्य और आधारहीन बातों के बहकावे में न आए और न ही अंधविश्वास में पड़े। जब कोई बीमार पड़े तब चिकित्सक से दिखाएं।


