डिंडोरी में एसडीएम ने हटवाया अतिक्रमण:व्यापारियों को समझाइश दी, मस्जिद से लाउडस्पीकर भी उतरवाए

डिंडोरी में शनिवार को एसडीएम भारती मरावी के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने व्यापारियों को समझाइश दी, वहीं मीट व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के तहत मंदिर और मस्जिद से लाउडस्पीकर भी हटवाए गए।अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई मुख्य बस स्टैंड, भारत माता चौक और भाजपा कार्यालय के सामने की गई। टीम ने कुछ व्यापारियों का सामान भी जब्त किया। अधिकारियों ने दुकानदारों को समझाया कि वे सड़क तक सामान न फैलाएं और अपनी दुकान निर्धारित सीमा में ही लगाएं। किशोरी मोहल्ले में एक मीट दुकान पर सड़क पर सामान उतारा जा रहा था, जिसे टीम ने वापस गाड़ी में रखवा दिया और आबादी वाले इलाके में दुकान न खोलने की हिदायत दी। अभियान के दौरान विरासनी मंदिर और जगदम्बा मंदिर से कर्मचारियों की मदद से लाउडस्पीकर हटवाए गए।जब अधिकारियों की टीम वार्ड क्रमांक 04 स्थित मस्जिद से लाउडस्पीकर हटवाने पहुंची, तो सदर शेख सफीक ने शासन का आदेश दिखाने की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि लाउडस्पीकर शासन द्वारा निर्धारित डेसिबल पर ही बजाया जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों की समझाइश के बाद वे मान गए और मस्जिद से लाउडस्पीकर हटा लिया गया।एसडीएम भारती मरावी ने बताया कि वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण लगातार जाम की स्थिति बन रही है। दुकानदार सड़क तक सामान फैला लेते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। उन्होंने कहा कि सभी को फुटपाथ खाली छोड़कर अपनी दुकान में ही सामान लगाने की समझाइश दी जा रही है, ताकि शहर सुंदर और व्यवस्थित दिखे तथा यातायात व्यवस्था खराब न हो।इस कार्रवाई के दौरान एस डी ओ पी सतीश दुबे, तहसीलदार आर पी मार्को, नपा सी एम ओ अमित तिवारी, कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे, ट्रॉफिक निरीक्षक सुभाष उईके सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *