डिंडोरी में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू:भारतीय किसान संघ 29 मांगों को लेकर अड़ा, कमिश्नर से आश्वासन मांगा

डिंडोरी: भारतीय किसान संघ ने सोमवार देर रात शहपुरा जनपद पंचायत के वीरांगना रानी दुर्गावती स्टेडियम में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसान अपनी 29 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। संघ के अध्यक्ष बिहारी लाल साहू ने बताया कि पिछले चार वर्षों से वे किसानों की समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन और रैलियों के माध्यम से जिला अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते आ रहे हैं। हालांकि, उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। कड़कड़ाती ठंड के बावजूद किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और रातें धरना स्थल पर ही बिता रहे हैं। वे अपने साथ लकड़ियां लेकर आए हैं और आग जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं। किसानों ने खेती का काम छोड़कर इस आंदोलन में हिस्सा लिया है। साहू ने स्पष्ट किया कि जब तक कमिश्नर स्वयं आकर किसानों को उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। किसान अपने खाने-पीने का सामान भी धरना स्थल पर ले आए हैं ताकि उन्हें बार-बार घर न जाना पड़े। किसानों की प्रमुख मांगों में 1320 केवी सब-स्टेशन की स्थापना कर लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाना, आरडीएस और फीडर से जुड़े किसानों को स्थायी जल स्रोत तक कनेक्शन लाइन उपलब्ध कराना, बिलगढ़ा बांध में सायरन लगवाना और वेस्ट वेयर के ऊपरी हिस्से में फेंसिंग कराना शामिल है। इसके अतिरिक्त, जल संसाधन विभाग द्वारा मनरेगा योजना से कराए गए साफ-सफाई कार्यों में भ्रष्टाचार की जांच, किसानों को समर्थन मूल्य का राज्य सरकार द्वारा लाभ दिलाना, किसान सम्मान निधि वितरण में अधिकारियों की लापरवाही की जांच और कृषि विभाग द्वारा बीज वितरण में पिछले चार वर्षों से लंबित अनुदान राशि का भुगतान भी उनकी मांगों में शामिल है। धरना शुरू होने के बाद से अभी तक जिला प्रशासन का कोई भी अधिकारी भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों से मिलने नहीं पहुंचा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *