डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नेशनल हाईवे जबलपुर-अमरकंटक 45 के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, नगर में अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिका को भी निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी को मोड़ों पर संकेतक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेडियम लगाने के भी निर्देश जारी किए। नगर परिषद को साकेत नगर रोड पर सड़क मरम्मत और नाली निर्माण करवाने के लिए निर्देशित किया गया। वीरांगना रानी अवंती बाई चौक से अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व और नगर पालिका विभाग को निर्देश दिए गए। ऑटो पार्किंग स्टैंड के लिए ट्रैफिक और नगर पालिका अधिकारियों को स्थान चिन्हित करने को कहा गया। पुरानी डिंडोरी में सड़क किनारे सब्जी की दुकानें लगा रहे व्यापारियों को रेस्ट हाउस के पीछे चिन्हित जगह पर दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में ये हुए शामिल बैठक में पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह, अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम भारती मरावी, एसडीएम बजाग राम बाबू देवांगन, शहपुरा एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा, परिवहन अधिकारी सुरेंद्र गौतम, तहसीलदार आरपी मार्को और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


