पश्चिम बंगाल के युवक ने धार में चुराया था मोबाइल:गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

धार कोतवाली पुलिस ने शहर के राजवाड़ा स्थित शिवाय मोबाइल गैलेक्सी में हुई चोरी का खुलासा गुरुवार दोपहर को कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से लाखों रुपए का चोरी का माल बरामद किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर की गई। जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2025 की रात को अज्ञात चोर ने शिवाय मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। चोरों ने दुकान से तीन एपल मोबाइल, एक ओप्पो मोबाइल, एपल एयरबड्स और ₹20,000 नगद चोरी कर लिए थे। घटना के बाद से ही पुलिस ने शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और सायबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने कुम्हारगढ़ा, जयप्रकाश मार्ग से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी एम.डी. रियाज पिता जिलेल, उम्र 20 वर्ष, निवासी दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल ने चोरी की पूरी वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी मोबाइल फोन, एयरबड्स और नकदी बरामद कर ली। आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद वह मुंबई घूमने गया था, जहां उसने कुछ राशि खर्च भी कर दी थी। रियाज ने धार शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया। इनमें नानियाबाड़ी से एक पल्सर बाइक, भोज अस्पताल से एक एफएफ डीलक्स बाइक और बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय से एक होंडा साइन बाइक की चोरी शामिल है। पुलिस ने आरोपी से कुल 4 लाख 50 हजार रुपए का माल जब्त किया है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान, अरविंद डावर, आसिफ शेख, सुनील यादव, अरविंद और सायबर सेल टीम के प्रशांत सिंह, शुभम, तरुण सिंह बैस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *