डिंडौरी जिले के शहपुरा जनपद में बिलगढ़ा बांध से निकली नहर से पानी का रिसाव लगातार जारी है। करौंदी गांव के किसानों का आरोप है कि इस रिसाव के कारण उनकी लगभग 60 एकड़ में लगी गेहूं की फसल बर्बाद होने की कगार पर है। जल संसाधन विभाग के एसडीओ करण सिंह ने नहर की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है। किसानों का कहना है कि शिकायतें और ज्ञापन देने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। करौंदी गांव के किसान टिकेश्वर साहू ने बताया कि नहर से हर साल पानी का रिसाव होता है, जिससे नेशनल हाईवे जबलपुर-अमरकंटक तक पानी भर जाता है। नहर के किनारे लगभग 60 एकड़ में किसान हर साल गेहूं की फसल लगाते हैं। इस बार खेतों में पानी भर गया है, जिससे पैर तक धंस रहे हैं। ऐसी स्थिति में फसल खेत में ही सड़ जाएगी और किसानों की मेहनत बेकार हो जाएगी। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार संगठन ने ज्ञापन दिए और विभाग को जानकारी दी, लेकिन सुनवाई के नाम पर केवल अस्थायी उपाय किए जाते हैं।


