अशोकनगर में वकील से मारपीट केस, दो और आरोपी गिरफ्तार:इंदौर से उज्जैन तक पीछा कर एक पकड़ा, बस स्टैंड से दूसरा दबोचा

अशोकनगर में वकील अनिल अग्रवाल से मारपीट के मामले में पुलिस ने शनिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी को इंदौर से उज्जैन तक पीछा कर पकड़ा गया, जबकि दूसरे को शहर के बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र पाल निवासी शंकर कॉलोनी, अशोकनगर शामिल है। जितेंद्र वर्तमान में इंदौर की एक होटल में काम कर रहा था। पुलिस को उसके इंदौर में होने की सूचना मिली, लेकिन जब टीम वहां पहुंची तो वह उज्जैन की ओर भाग गया। पुलिस ने उसका लगातार पीछा किया और उज्जैन शहर में प्रवेश करने से ठीक पहले बाइक पर सवार जितेंद्र को कार से घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में जितेंद्र पाल ने बताया कि वह अशोकनगर एक पेशी के लिए आया था और उस पर पहले से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। उसने मुख्य आरोपी प्रदीप सरदार की दोस्ती के कारण मारपीट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। दूसरा गिरफ्तार आरोपी बृजेंद्र उर्फ बल्लू है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे शहर के बस स्टैंड से पकड़ा। कोर्ट से लौटते समय की थी मारपीट
यह घटना बीते दिनों पूजा पेट्रोल पंप के पास हुई थी, जब एडवोकेट अनिल अग्रवाल जिला न्यायालय से लौट रहे थे। तभी आरोपी प्रदीप सरदार ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर पुराने विवाद को लेकर लाठी-डंडों से उनके साथ मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने प्रदीप सरदार सहित तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब दो और गिरफ्तारियों के साथ कुल पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *