डिजिटल फसल सर्वेक्षण की सूची की दी जानकारी

भास्कर न्यूज़ | बालोद राज्य शासन की एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत बालोद जिले के सभी ग्राम पंचायतों में डिजिटल फसल सर्वेक्षण की गिरदावरी सूची का पठन विशेष ग्राम सभाओं में किया जा रहा है। कलेक्टर दिव्या मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के सभी विकासखंडों में यह विशेष ग्राम सभा आयोजित की जा रही है, जिसमें खरीफ वर्ष 2025-26 के लिए डिजिटल फसल सर्वेक्षण के तहत किए गए गिरदावरी कार्य की सूची का ग्रामीणों के समक्ष वाचन किया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीण अपने-अपने रकबे एवं बोई गई फसल की जानकारी प्राप्त कर सूची का अवलोकन कर रहे हैं। साथ ही डिजिटल फसल सर्वेक्षण की सूची ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर भी चस्पा की गई है, ताकि ग्रामीण किसी भी समय अपनी फसल और जमीन की स्थिति की समीक्षा कर सकें। बालोद विकासखंड के ग्राम बोड़की, देवारभाट, डौंडी विकासखंड के ग्राम बोरगांव, उकारी, डौंडीलोहारा विकासखंड के खैरा, तुमडीसुर, गहिरानवागांव एवं गुरुर विकासखंड के दुपचेरा, पीरीद, आड़ेझर में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई, जिसमें डिजिटल एवं मैनुअल गिरदावरी का पठन किया गया। डिजिटल फसल सर्वेक्षण के माध्यम से किसानों को फसल ऋण, विशेषज्ञ सलाह एवं बाजार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी, जिससे उनकी उत्पादकता में वृद्धि संभव हो सकेगी। फसल की फोटो भी अपलोड की गई राज्य शासन के निर्देशों के अनुसार जिले में किसानों की फसलों का डिजिटल सर्वेक्षण मोबाइल एप के माध्यम से रियल टाइम में किया गया है, जिसमें खेत की भौगोलिक स्थिति के साथ फसल की फोटो भी अपलोड की गई है। भू-नक्शों के जीव-रिफ्रेशिंग के बाद यह सर्वेक्षण त्रुटिरहित हुआ है, जिससे फसल गिरदावरी में सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। इस पहल का उद्देश्य किसानों के फसलों की तकनीकी और सटीक जानकारी एकत्रित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *