डिनर विद कलेक्टर कोचिंग स्टूडेंट्स:कामयाब कोटा अभियान के तहत गर्ल्स होस्टल में पहुच कलेक्टर ने कोचिंग छात्राओं के साथ डिनर करते हुए उनसे संवाद किया

कामयाब कोटा’ अभियान के तहत जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी शुक्रवार को राजीव गांधी नगर इलाके के गर्ल्स हॉस्टल पहुंचे और कोचिंग छात्राओं के साथ डिनर करते हुए उनसे संवाद किया। छात्राओं ने उनसे पढ़ाई में आने वाली समस्याओं एवं तैयारी के बारे में प्रश्न पूछे। डॉ. गोस्वामी ने बड़ी सहजता के साथ स्वयं के उदाहरण देते हुए उनकी शंकाओं एवं जिज्ञासाओं के समाधान बताए। साथ ही, सफलता के मंत्र भी दिए। उन्होंने कहा कि शंकाएं, समस्याएं और नकारात्मकता सहज प्रवृत्तियां हैं लेकिन इन पर सकारात्मकता और आत्मविश्वास से विजय पा सकते हैं। उन्होंने गीता में भगवान श्री कृष्ण का उद्धरण देते हुए कहा कि अपना मन ही सर्वश्रेष्ठ मित्र है। लक्ष्य के प्रति फोकस रखें। छात्राओं द्वारा मन नहीं लगने, पढ़ाई के दौरान एकाग्रता की कमी जैसे सवालों पर उन्होंने कहा कि विफलता से गलतियों को सुधारते हुए पुनः प्रयास करें सफलता जरूर मिलेगी। पीएमटी से यूपीएससी के सफर से जुड़े सवाल पर डॉ. गोस्वामी ने कहा कि डॉक्टर के रूप में मरीजों की सेवा का मौका मिला लेकिन असहाय की मदद न कर पाने की टीस ने प्रशासनिक सेवा में रुचि जगाई और लक्ष्य के प्रति ईमानदार मेहनत से यह मुकाम पाया।
उन्होंने कहा कि इम्तिहान जीवन का हिस्सा है, संपूर्ण जीवन नहीं। यदि सफलता नहीं मिलती तो हारें नहीं। गलतियों से सीखकर आगे बढ़ें। सिली मिस्टेक्स से कैसे बचें के सवाल पर उन्होंने कहा कि अधिकाधिक प्रेक्टिस से इसमें सुधार संभव है। ज्यादा देर नहीं पढ़ पाने, पढ़ा हुआ याद ना रहने पर होने वाले तनाव से कैसे निपटा जाए के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि अपने अटेंशन स्पान को पहचानते हुए उतना ही लक्ष्य रखें और उसके पूरा होने पर खुद को खुश करने वाले कार्य करें। उन्होंने कहा कि माता-पिता सबसे बड़े शुभचिंतक है। उनसे प्रतिदिन अपनी बातें शेयर करें।
कलेक्टर के साथ डिनर कार्यक्रम में कोचिंग छात्राओं ने खुलकर अपनी बात रखी। कलेक्टर ने स्ट्रेस दूर करने, कमजोर विषय पर फोकस करने, सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करने, नकारात्मकता से बचने के संबंध में सुझाव दिए। खुद को मोटिवेट रखने के लिए पढ़ाई के बीच अपनी पसंद की एक्टिविटी के लिए समय निकालें। छोटे-छोटे ब्रेक लें। पर्याप्त नींद लें। डिनर विद कलेक्टर के इस संवाद में छात्राओं ने जिला कलक्टर को गाने भी सुनाए। संवाद के दौरान सीईओ जिला परिषद राजपाल सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने भी छात्राओं से संवाद किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *