भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में घर-घर से कचरा इकट्ठा करने को बढ़ावा देने के लिए मेयर इंदरजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर और डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर ने सोमवार को इंडोर स्टेडियम, पक्खोवाल रोड से नई खरीदी गई हाथ गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई। नगर निगम ने लगभग 1.30 करोड़ रुपये की लागत से 800 रेहड़ियां खरीदी हैं। इसमें 90 की डिलीवरी मिल गई है। जबकि बाकी गाड़ियों की डिलीवरी आने वाले दिनों में मिल जाएगी। इस दौरान मेयर ने कहा कि यह शहर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा की गई कई पहल में से एक है। ये हाथगाड़ियां आने वाले दिनों में शहर के 95 वार्डों में बराबर बांटी जाएंगी। मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर और डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर ने कहा कि पूरे शहर में सफाई सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह खुले में कचरा न फेंकें। शहर को साफ रखने में नगर निगम का साथ दें। निवासियों को घर का कचरा कचरा इकट्ठा करने वालों को देना चाहिए। इस मौके पर पार्षद अमन बग्गा, तनवीर धालीवाल, सुरिंदर कल्याण, एसई शाम लाल गुप्ता, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरविंद कुमार, हेल्थ ऑफिसर विपल मल्होत्रा मौजूद रहे।


