सतना जिला अस्पताल में थैलेसीमिया से पीड़ित 5 मासूम बच्चों को HIV संक्रमित ब्लड चढ़ाए जाने का मामला गंभीर रूप लेता जा रहा है। इस लापरवाही को लेकर सतना विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक और जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा ने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने विंध्य व्यापार मेले के दौरान डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल की मौजूदगी में सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह मंच इस विषय की चर्चा के लिए उपयुक्त नहीं है, लेकिन मामला इतना संवेदनशील है कि चुप नहीं रहा जा सकता। जब विकास और निर्माण की बातें हो रही हैं, तब इस तरह की घटनाओं पर सरकार का ध्यान जाना जरूरी है। विधायक ने सतना के HIV संक्रमित रक्त मामले के साथ छिंदवाड़ा के कब सिर्फ कांड का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में निजीकरण बढ़ने के बाद इस तरह की समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। सिविल सर्जन को प्रमोशन मिलने पर सवाल विधायक कुशवाहा ने सिविल सर्जन के प्रमोशन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब इतना बड़ा मामला उजागर हो चुका है, तब जिम्मेदार अधिकारियों को पदोन्नति देना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विधायक ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई। स्वास्थ्य मंत्री बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कार्रवाई होगी मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सतना दौरे के दौरान कहा कि यह मामला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों को इलाज और भविष्य से जुड़ी हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।


