डिप्टी CTI-होमगार्ड सैनिक के बीच मारपीट:जवान का आरोप- सगाई कर मुंबई जा रहे थे, इंगेजमेंट रिंग और कैश चोरी; RPF के बजाय CTI ने पकड़ा

बलिया से मुंबई जा रही कामायनी एक्सप्रेस (11072) में 13 दिसंबर को टिकट चेकिंग के दौरान डिप्टी CTI और एक होमगार्ड सैनिक के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद स्लीपर कोच एस-7 में शुरू हुआ, जो नर्मदापुरम स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक पहुंच गया। नौबत यहां तक आ गई कि होमगार्ड जवान को पकड़ने के लिए डिप्टी CTI खुद प्लेटफॉर्म पर दौड़ते नजर आए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, लूट और अभद्रता के आरोप लगाए हैं। जीआरपी ने क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बोरीवली (मुंबई) जीआरपी में पदस्थ होमगार्ड सैनिक शिवम सिंह ने बताया कि वह यूपी के भदोही से अपनी सगाई करके लौट रहा था। परिवार के साथ मुंबई जाना था, लेकिन तत्काल में मां का टिकट कन्फर्म हुआ (S-7, बर्थ 26), जबकि उनका और पिता बृजेश सिंह राजपूत (52) का टिकट जनरल था। मां की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए वे पिता के साथ मां के पास नाश्ता करने गए थे। तभी डिप्टी CTI राजेश कुमार आ गए। जवान का आरोप- पिता को घसीटा, मेरी सगाई की अंगूठी गुम शिवम का आरोप है कि परिचय देने और पेनाल्टी भरने की बात कहने के बावजूद CTI ने पिता से अभद्रता की। नर्मदापुरम स्टेशन पर CTI ने पिता को कॉलर पकड़कर जबरन घसीटा और नीचे उतारा। विरोध करने पर CTI ने शिवम को भी पीटा। शिवम ने दावा किया कि झूमाझटकी में उनकी इंगेजमेंट रिंग गिर गई और पिता के कपड़े फट गए, जिससे उनकी जेब से 1500 रुपए भी गिर गए। शिवम का कहना है कि पुलिस ने FIR में पैसे और रिंग की बात नहीं लिखी है। CTI का दावा- मोबाइल छीना, टैबलेट तोड़ा और 2650 रु. गायब दूसरी ओर, डिप्टी CTI राजेश कुमार ने FIR में लिखवाया है कि दोनों यात्रियों ने टिकट मांगने पर खुद को जीआरपी स्टाफ बताया, लेकिन आई-डी नहीं दिखाई। जब उन्होंने कंट्रोल रूम को फोन किया, तो मोबाइल छीन लिया। बाद में मारपीट की, जिससे उनका चश्मा टूट गया और चेहरे पर चोट आई। CTI का आरोप है कि आरोपियों ने उनका सरकारी टैबलेट (HHT) तोड़ दिया और ईएफटी बुक छीनकर फेंक दी, जिससे उसमें रखे 2650 रुपए भी गायब हो गए। CCTV में कैद: जवान आगे, CTI पीछे दौड़ते दिखे घटना का एक अहम पहलू सीसीटीवी फुटेज है। होमगार्ड शिवम का कहना है कि पकड़ने का काम RPF का है, लेकिन फुटेज में CTI खुद उसे पकड़ने के लिए दौड़ते दिख रहे हैं। शिवम ने बताया कि जब CTI ने पिता को पकड़ा, तो वे छूटकर चलती ट्रेन में चढ़ गए (जिन्हें बाद में इटारसी में उतारा गया)। जब शिवम ने चढ़ने की कोशिश की, तो CTI ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। क्रॉस केस दर्ज, फुटेज बनेंगे सबूत जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि दोनों पक्षों ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना नर्मदापुरम स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 की है। पुलिस अब स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरपीएफ कर्मियों के बयान ले रही है, जिससे साफ हो जाएगा कि मारपीट की शुरुआत किसने की और असलियत क्या है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *