मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे मेंस हॉकी इंडिया लीग 2026 के मुकाबले में मंगलवार को डिफेंडिंग चैंपियन श्राची बंगाल टाइगर्स ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अकॉर्ड तमिलनाडु ड्रैगन्स को 5-3 से शिकस्त दी। कप्तान जुगराज सिंह की हैट्रिक की बदौलत टाइगर्स ने न सिर्फ अहम जीत दर्ज की, बल्कि अंक तालिका में सातवें स्थान से छलांग लगाकर चौथे स्थान पर पहुंचते हुए प्लेऑफ की उम्मीदें भी जिंदा रखीं। टाइगर्स की जीत के नायक कप्तान जुगराज सिंह रहे, जिन्होंने 11वें, 43वें और 45वें मिनट में गोल कर हैट्रिक पूरी की। इस लीग में जुगराज हैट्रिक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले एचआईएल जीसी के केन रसेल तीन बार हैट्रिक कर चुके हैं। जुगराज के अलावा सुखजीत सिंह (33’) और अभिषेक (55’) ने भी गोल कर टाइगर्स की जीत पक्की की। वहीं ड्रैगन्स के लिए अद्रोहित एक्का (36’), थॉमस सॉर्सबी (48’) और ब्लेक गोवर्स (51’) ने गोल दागे, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई। तमिलनाडु ड्रैगन्स के कप्तान अमित रोहिदास ने कहा कि पहले हाफ में टीम को कई मौके मिले, लेकिन उन्हें गोल में नहीं बदला जा सका। वहीं बंगाल टाइगर्स ने मिले अवसरों का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने स्वीकार किया कि टीम लगातार दो मैच हार चुकी है, लेकिन अगला मुकाबला भुवनेश्वर में पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ खेलेगी। चौथे क्वार्टर में तमिलनाडु ड्रैगन्स ने जोरदार वापसी की। 48वें मिनट में थॉमस सॉर्सबी और 51वें मिनट में ब्लेक गोवर्स ने गोल कर स्कोर 4-3 कर दिया, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। मैच के अंतिम चरण में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर अभिषेक ने 55वें मिनट में शानदार डिफ्लेक्शन से गोल कर स्कोर 5-3 कर दिया। यही गोल टाइगर्स की जीत पर मुहर साबित हुआ। जीत से लौटा टीम का आत्मविश्वास : जुगराज सिंह श्राची बंगाल टाइगर्स के कप्तान जुगराज सिंह ने कहा कि बैक-टू-बैक हार के बाद टीम पर दबाव था, लेकिन आज शानदार प्रदर्शन से आत्मविश्वास लौटा है। उन्होंने कहा कि पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलना जीत की कुंजी है। अब टीम का पूरा फोकस आने वाले मैचों में केवल जीत पर रहेगा। पहले क्वार्टर से ही आक्रामक रुख, पेनाल्टी स्ट्रोक से बढ़त मैच की शुरुआत से ही टाइगर्स ने आक्रामक रुख अपनाया। 11वें मिनट में ड्रैगन्स की डिफेंस से हुई चूक पर टाइगर्स को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे जुगराज सिंह ने गोल में तब्दील कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दिग्गज गोलकीपर डेविड हार्टे के सामने जुगराज का लो और पावरफुल शॉट पूरी तरह सटीक रहा। तीसरे क्वार्टर में बदला मैच का रुख पहला हाफ भले ही ज्यादा गोलरहित रहा, लेकिन तीसरे क्वार्टर में टाइगर्स ने खेल का पूरा रुख पलट दिया। 33वें मिनट में टॉमी विलेम्स और अभिषेक के शानदार मूव को सुखजीत सिंह ने गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। हालांकि 36वें मिनट में अद्रोहित एक्का ने पेनाल्टी कॉर्नर से ड्रैगन्स के लिए गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन इसके बाद जुगराज सिंह ने लगातार दो गोल (43’ और 45’) दागकर स्कोर 4-1 कर दिया और अपनी हैट्रिक पूरी की।


