सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार जैसलमेर में रेलवे स्टेशन के सामने बने रैन बसेरे का निरीक्षण किया गया। जिला जज पूरन कुमार शर्मा और एडीजे किशोर तालेपा ने कमियों को देख सुधारने के लिए नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगरपरिषद के अधिकारी, कोर्ट स्टाफ व एडवोकेट मदन सिंह मौजूद रहे। जिला जज ने अधिकारियों को कहा कि ठंड से बचने के लिए अहसाय व्यक्ति के लिए रैन बसेरे में सभी इंतजाम होने चाहिए। कोई भी व्यक्ति ऐसी ठंड में खुले में न सोए। जैसलमेर विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला सत्र न्यायाधीश पुरण कुमार शर्मा और विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव राकेश तालेपा ने रेलवे स्टेशन स्थित रैन बसेरे पर ठहरे लोगों से सुविधाओं एवं असुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान जजों ने बाहर सो रहे लोगों को रैन बसेरे में सुलाने और रैन बसेरे में व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर ज़ोर दिया। इस दौरान जजों ने रैन बसेरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला जज पूरन कुमार शर्मा ने रैन बसेरे के संचालकों को रैन बसेरे में सफाई व्यवस्था, साफ रजाई रखने, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग अलग आवास की व्यवस्था करने, पानी की व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा के साथ साथ मेडिकल फैसिलिटी भी मुहैया करवाने के निर्देश दिए। रैन बसेरा संचालक ने व्यवस्थाओं को लेकर दोनों जजों को आश्वस्त किया। ठंड के कारण न हो मौत विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष पुरण कुमार शर्मा ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार आश्रय स्थल का निरीक्षण करते हैं और जो कमियां होती है उन्हें सही करवाने का काम करवाते हैं। निरीक्षण के दौरान दोनों ही जजों ने कमियों को जल्द से जल्द सही करवाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव किशोर तालेपा ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश अनुसार रैन बसेरों का निरीक्षण किया गया। कमियों को दूर कर सुधार किया जाएगा। सर्वोच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे न सोए। ठंड के कारण किसी की मौत नहीं होनी चाहिए।


