हनुमानगढ़ में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं सह जिला पुलिस अधीक्षक अरशद अली ने 45 पुलिस कर्मियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इनमें 4 उप निरीक्षक (एसआई), 6 सहायक उप निरीक्षक (एएसआई), 14 हैड कॉन्स्टेबल और 21 कॉन्स्टेबल शामिल हैं। महत्वपूर्ण स्थानांतरणों में एसआई वेदप्रकाश को पुलिस लाइन से कैंचियां चौकी का प्रभारी बनाया गया है। एसआई हरबंश लाल को अपराध शाखा से पीलीबंगा थाना भेजा गया है। धन्नासर चौकी प्रभारी एसआई इमीचन्द को थालड़का चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि टिब्बी थाना से एसआई संजू को टाउन थाना में स्थानांतरित किया गया है। एएसआई स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नोहर थाना से एएसआई जयसिंह को जंक्शन थाना, जंक्शन थाना से एएसआई महेन्द्र सिंह पूनिया को गोगामेड़ी थाना भेजा गया है। इसी तरह हैड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किए गए हैं। यातायात विभाग में भी कई बदलाव किए गए हैं, जिसमें यातायात हनुमानगढ़ से इकबाल पठान को यातायात हनुमानगढ़ एचएम की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण में सुनीता को नोहर थाना से भादरा थाना और सुषमा को पुलिस लाइन से टाउन थाना में स्थानांतरित किया गया है। ये सभी स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर किए गए हैं, जिनका उद्देश्य पुलिस विभाग की कार्यक्षमता को बढ़ाना और बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करना है।


