भास्कर न्यूज| चाईबासा झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश महासचिव राकेश कुमार के नेतृत्व में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त कुलदीप चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात किया। इस दौरान धन्यवाद दिया गया। ज्ञात हो कि बीते दिनों वेतन भुगतान की विभिन्न समस्याओं को लेकर उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन दिया गया था। उपायुक्त के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी पश्चिमी सिंहभूम ने वेतन भुगतान की प्रक्रिया को परिवर्तित करते हुए जिले के 18 प्रखंडों के अंतर्गत डीडीओ कोड धारित विद्यालयों को निकासी एवं व्ययन के लिए अधिकृत किया गया। कुल 18 प्रखंड के उन विद्यालयों में अब नए तरीके से वेतन भुगतान की शुरुआत हो चुकी है। इसके अंतर्गत प्रत्येक प्रखंड में एक डीडीओ विद्यालय बनाया गया है। जिसमें विभिन्न कोटि के विद्यालयों के शिक्षक व कर्मचारियों का वेतन भुगतान अब प्रखंड से ही होगा। पूर्व में वेतन भुगतान की प्रक्रिया के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय से शिक्षक एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति विवरणी को जमा करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय एवं अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जाना पड़ता था। जिसे अब समाप्त करते हुए प्रखंड के निकासी एवं व्ययन पत्र विद्यालय में ही जमा करना पड़ेगा। इससे शिक्षकों को काफी आसानी होगी एवं वेतन भुगतान समय पर हो सकेगा। साथ ही वेतन भुगतान में कोई भी समस्या उत्पन्न नहीं होगी। वेतन भुगतान की इस नई प्रक्रिया से शिक्षक एवं कर्मचारियों में काफी खुशी है। उपायुक्त ने सभी शिक्षकों को यह आश्वासन देते हुए कहा कि आप लोग अपने विद्यालय में अच्छे तरीके से शिक्षण कार्य कीजिए। कोई भी समस्या हो तो कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। समस्या का निराकरण जल्द से जल्द कर दिया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ जिला इकाई पश्चिम सिंहभूम की अध्यक्षा शिल्पा गुप्ता एवं जिला सचिव चंदन कुमार, दौलत सिंह यादव, संजय देवगम, नीतू मिश्रा तथा 18 प्रखंड से आए हुए विभिन्न कोटि के शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल थे।


