भास्कर न्यूज| चाईबासा सदर प्रखंड अंतर्गत डिलियामार्चा से चीरू की ओर जाने वाली मुख्य मार्ग की स्थिति काफी खराब है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग का निर्माण आज से करीब दस वर्ष पूर्व हुआ था। इस मार्ग का निर्माण पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल चाईबासा, झारखंड के द्वारा किया गया था। टाटा रोड स्थित पुराने रेल फाटक से डिलियामार्चा तक सड़क टू लेन व उससे आगे चीरू की ओर सिंगल लेन में निर्मित सड़क पर रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इस मार्ग का उपयोग दर्जनों गांव के स्कूली बच्चों से लेकर ग्रामीण व बाहर से आने-जाने वाले राहगीर करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर बड़ी गाड़ियों का परिचालन पूर्णतः मनाही है। पूर्व में टाटा रोड रेल फाटक के पास उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक व अनुमंडल पदाधिकारी के आदेशानुसार एक सूचना पट्ट के साथ ही उक्त मार्ग पर बैरियर भी लगाया गया था। किंतु आज दोनों ही नदारद हैं। जिसके कारण शहर में दिन भर लगी नो इंट्री व शॉर्ट कट के कारण नियमों की धज्जियां उड़ाकर भारी वाहनों का परिवहन होता है। जिसके कारण सड़क की स्थिति दिनों-दिन खराब होती जा रही है। ^ग्रामीणों को रोजाना इस मार्ग से ही आवागमन करना पड़ता है। सड़क दिन प्रति दिन खराब होती जा रहा है। शहर से सटा इलाका है। सड़क बनाने वाले विभाग को आम लोगों की परेशानी देखते हुए, जल्द से जल्द इसे दुरुस्त करना चाहिए। संजय बानरा, स्थानीय ग्रामीण, बुरुजल। ^मैं ट्रैक्टर चालक के साथ ही स्थानीय ग्रामीण हूं। सड़क खराब होने के कारण काफी नुकसान उठाना पड़ता है। साथ ही अक्सर दुर्घटनाएं घटती हैं। ललित कुमार पान, स्थानीय ग्रामीण, अमिता। ^उक्त मार्ग के जर्जर होने से ग्रामीणों के साथ-साथ आम राहगीरों व स्कूल आवागमन करने वाले बच्चों को काफी परेशानी हो रही है। जल्द सड़क निर्माण नहीं होने से उक्त मार्ग में दुर्घटनाएं बढ़ेंगी। जनहित में जल्द सड़क निर्माण होना चाहिए। वहीं संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। राजाराम गुप्ता, सदस्य,जिला सड़क सुरक्षा समिति, प. सिंहभूम। ^आचु-डिलियामार्चा सड़क काफी महत्वपूर्ण मार्ग है। अभी मार्ग जर्जर हालत में है। चाईबासा से सरायकेला व जमशेदपुर जाने के लिए दूरी कम होने के कारण लोग वैकल्पिक मार्ग के तौर पर उपयोग करते है। उलीझारी स्थित मेडिकल कॉलेज के प्रारंभ होने से इस मार्ग की महत्ता और बढ़ जाएगी। त्रिशानु राय, कांग्रेस प्रवक्ता, प. सिंहभूम। ^सड़क जर्जर होने की बात आपका कहना बिल्कुल सही है। ओवरब्रिज से बड़ा चीरू मार्ग का मामला मेरे संज्ञान में हैं। हम लोगों ने इस वित्तीय वर्ष में सड़क मरम्मतीकरण के लिए प्रस्ताव विभाग को भेज दिया है। दूसरा प्रस्ताव रेलवे ओवरब्रिज जिला स्कूल रोड से बड़ा चीरू तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी विभाग को भेजा गया है। अब सड़क की चौड़ाई 7 मीटर करने की योजना बनाई गई है। दोनों में से जो भी प्रस्ताव पहले पारित होगा, उस पर विभाग तत्परता से काम जल्द से जल्द शुरू कर देगा। राज रंजन, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, पश्चिमी सिंहभूम।


