भास्कर न्यूज | जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कुमुद सहाय की अध्यक्षता में डीएमएफटी और सीएसआर फंड की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में डीएमएफटी मद से संचालित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जांच हुई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीएसआर फंड से संचालित परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्वीकृत योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की। महिला कॉलेज स्थित छात्रावास में सफाई कार्य कराने, सदर अस्पताल में हाईमास्ट लाइट लगाने और मिहिजाम थाना में बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया। जिले में 100 सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन अब तक केवल 28 कैमरे ही लगाए गए हैं। शेष 72 कैमरे जिला कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिला पुस्तकालय में लाइब्रेरियन, क्लर्क, अनुसेवक और गार्ड की नियुक्ति डीएमएफटी फंड से करने पर चर्चा हुई। इस पर समिति के सदस्यों से विमर्श किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ. आनंद मोहन सोरेन, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सिलकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


