डीएलएड छात्रों को एडमिट कार्ड नहीं मिलने पर प्रदर्शन:कोडरमा में रांची-पटना मुख्य मार्ग जाम, कॉलेज पर फीस लेने का आरोप

कोडरमा के लाराबाद स्थित कैंब्रिज टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में डीएलएड कोर्स के छात्रों को परीक्षा का एडमिट कार्ड नहीं मिलने से विवाद खड़ा हो गया है। छात्रों ने समाहरणालय के पास रांची-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को अपना मानने से इनकार कर दिया है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने सत्र 2023-25 में नामांकन कराया था। 9 से 13 सितंबर तक होने वाली परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड लेने कॉलेज गए थे। छात्रों ने बताया कि कॉलेज ने दो लाख रुपए कोर्स फीस तय की थी। कुछ छात्रों ने पूरी फीस जमा की है, जबकि कुछ ने आधी फीस जमा की है। सोमवार को कॉलेज में विरोध प्रदर्शन के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के समर्थन से छात्रों ने शाम को मुख्य सड़क जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। छात्रों ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को आवेदन देकर न्याय की मांग की है।
इधर, कैम्ब्रिज टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दीपक सिंह ने बताया कि छात्रों द्वारा लगाया जा रहा आरोप बेबुनियाद है। ये कभी भी इस कॉलेज के छात्र हैं ही नहीं। उन्होंने बताया कि हमारे कॉलेज डीएलएड की कुल 50 सीटें हैं। इसके लिए कुल 50 बच्चों का नामांकन हो चुका है। उन्होंने बताया कि डीएलएड के लिए कुल 8 परीक्षाएं होती हैं। इनमें 7 परीक्षाएं हो चुकी हैं, कल से 8 वां व आखिरी परीक्षा होना है। उन्होंने बताया कि इससे पहले के सात परीक्षाओं में ये बच्चे शामिल नहीं हुए हैं। इनके पास न तो इस कॉलेज से संबंधित ना कोई आई कार्ड है और ना ही कोई अन्य प्रमाण। इन छात्रों द्वारा कॉलेज के खाते में जमा किए गए पैसों के संबंध में प्रो. दीपक सिंह ने बताया कि अगर ऐसा हुआ है तो उसकी जांच कर छात्रों को पैसे वापस कर दिए जाएंगे। एक घंटे बाद जाम को हटा दिया गया इधर, एसडीओ रिया सिंह द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद छात्रों द्वारा एक घंटे बाद जाम को हटा दिया गया। छात्रों ने बताया कि एसडीओ रिया सिंह द्वारा उन्हें आश्वासन मिला है कि इस मामले पर कल सुबह जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी और उन्हें न्याय मिलेगा। वहीं, छात्रों ने कहा कि अगर उन्हें परीक्षा देने नहीं दिया जाएगा तो वो पुनः आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *