धनबाद में अवैध खनन से भूस्खलन मामला:मां अंबे आउटसोर्सिंग में दर्जनों घर जमींदोज, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया दौरा

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो सोमवार को धनबाद के मुंडा धौड़ा पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों नेताओं के सामने अपने दुःख-दर्द को रखा और न्याय की गुहार लगाई। दरअसल, बीसीसीएल के कतरास एरिया के कांटापहाड़ी में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ था। अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड की आउटसोर्सिंग परियोजना के ओबी डंप में भू-स्खलन से 6 लोगों की मौत हुई थी। हादसे में भू-स्खलन के कारण दर्जनों घर जमींदोज हो गए, जिससे स्थानीय ग्रामीणों का जीवन संकट में पड़ गया। आवाज दबाई जा रही: ग्रामीण वहीं, मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि वे लगातार अवैध खनन व भू-स्खलन की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन बीसीसीएल व प्रशासन की उदासीनता के कारण उनकी आवाज दबाई जा रही है। प्रभावित परिवारों का पुनर्वास नहीं किया गया तो होगा आंदोलन नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा- बीसीसीएल बिना पुनर्वास किए अपना खनन कार्य शुरू कर रही है। पूरे इलाके में खुलेआम अवैध उत्खनन चल रहा है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। यह सीधे-सीधे ग्रामीणों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि तुरंत अवैध उत्खनन पर रोक नहीं लगाई गई और प्रभावित परिवारों का पुनर्वास नहीं किया गया, तो आंदोलन की राह अपनाई जाएगी। वहीं, विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि अवैध खनन के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं और सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी लड़ाई विधानसभा से सड़क तक लड़ी जाएगी। अंबे आउटसोर्सिंग में प्रशासन की लापरवाही और खनन माफियाओं की मिलीभगत से यह स्थिति बनी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *