लखीसराय के पूर्व मुखिया की गिरिडीह में मिली लाश:झारखंडी बाबा मंदिर के पास ईरगा नदी में पड़ा था शव, पूजा के लिए आए थे

लखीसराय, बिहार के गेरूआ पुरसंडा गांव के पूर्व मुखिया सुरेश कुमार वर्मा (55) का शव झारखंड के गिरिडीह में ईरगा नदी में मिला है। सुरेश अपने तीन साथियों के साथ रविवार को दोपहर 3 बजे झारखंडी धाम मंदिर पूजा के लिए आए थे। चंद्र ग्रहण के कारण मंदिर बंद होने से वे सोमवार को पूजा करने का निर्णय लेकर मंदिर परिसर में घूमने लगे। इसी दौरान सुरेश अपने साथियों शशि कुमार, दिलखुश कुमार और रामरस कुमार से बिछड़ गए। अंधेरा होने पर साथियों ने उन्हें मंदिर परिसर में खोजा, लेकिन नहीं मिले। सोमवार सुबह साथियों ने हीरोडीह थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। इसी बीच झारखंडी धाम से पुलिस को सूचना मिली कि मंदिर से लगभग 250 मीटर दूर ईरगा नदी में एक शव दिखा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान सुरेश वर्मा के रूप में की गई। हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्रा के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। उल्लेखनीय है कि मृतक सुरेश वर्मा दो बार गेरूआ पुरसंडा पंचायत के मुखिया रह चुके थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *