भास्कर न्यूज | जालंधर डीएवी कॉलेज में राष्ट्रीय गणित दिवस के मौके पर प्रिंसीपल डॉ. राजेश कुमार ने रिबन काटकर गणित गैलरी का उद्घाटन किया। प्रोग्राम में श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के मौके पर, प्रो. मोनिश अरोड़ा और प्रो. साहिल नागपाल ने रामानुजन वॉक का आयोजन किया। इसमें उनके जीवन और गणित में उनके प्रमुख योगदानों को दर्शाया गया। विभाग प्रमुख डॉ. पीके शर्मा ने बताया कि गैलरी का उद्देश्य अमूर्त गणितीय अवधारणाओं को दृश्य और संवादात्मक प्रस्तुतियों में परिवर्तित करके अनुभावात्मक और परिणाम-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना है। इस गैलरी में 8 कॉलेज-स्तरीय गणितीय मॉडल प्रदर्शित हैं, जिनमें मोबियस स्ट्रिप, साइन और शंकु के खंडों को दर्शाने वाले मॉडल शामिल हैं। जिससे छात्र जल्द सीखेंगे। कॉलेज प्रिंसीपल डॉ. राजेश कुमार ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र में अपनी तरह की एकमात्र कॉलेज-स्तरीय गणित गैलरी है।


