डीग कोर्ट परिसर में गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे दो पक्षों के बीच जमकर झड़प हुई। यह विवाद पहले कोर्ट परिसर के अंदर शुरू हुआ और फिर बाहर सड़क पर पहुंच गया, जहां लात-घूंसे चले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के सात लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, यह मामला डीग कोर्ट में 2024 से चल रहा था। इसी मामले को लेकर लड़का पक्ष के लोग कुम्हेर से डीग आए थे, जबकि लड़की पक्ष के लोग डीग जिले के गांव सावई खेड़ा से पहुंचे थे। दोनों पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हुई, जो जल्द ही बड़े झगड़े में बदल गई।
झगड़ा इतना बढ़ गया कि सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। यहां तक कि पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष मारपीट करने से बाज नहीं आए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। पुलिस बल पहुंचने के बाद कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात लोगों को डिटेन कर लिया गया। झगड़े में क्षतिग्रस्त हुई एक मारुति वैन और एक मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस दौरान डीग कोतवाली के एसआई मंगतू, एएसआई अमर सिंह, कांस्टेबल समन्दर, कांस्टेबल थान सिंह और केदार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे।


