अलवर शहर के अपना घर शालीमार इलाके में आवारा कुत्तों के आतंक से आमजन परेशान है। हालात ऐसे हो गए हैं कि बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों ने पार्क में घूमना तक बंद कर दिया है। कुत्तों के डर से लोग घर से बाहर निकलने से भी कतराने लगे हैं। जिसकों लेकर कलेक्टर और निगम कमिश्नर से सोसाइटी के लोग मिले। इस समस्या को लेकर अपना घर शालीमार के वाशिंदे गुरुवार को अलवर जिला कलेक्टर और नगर निगम कमिश्नर से मिले और कुत्तों के आतंक से छुटकारा दिलाने की मांग की।इस दौरान एडीशन एसपी ने लोगों को आश्वासन दिया की इस बार पुलिस को निगम की टीम के साथ भेजेंगे। कॉलोनीवासियों ने बताया कि इलाके में करीब 25 से 30 कुत्ते हैं, जिनमें से 4 से 5 कुत्ते बेहद खूंखार हैं। ये कुत्ते आए दिन लोगों पर हमला कर रहे हैं और अब तक कई लोगों को काट चुके हैं।लोगों का कहना है कि जब इस संबंध में नगर निगम को सूचना दी गई तो निगम की टीम कुत्तों को पकड़ने पहुंची, लेकिन केवल दो कुत्ते ही पकड़ पाई। इस दौरान कुछ डॉग लवर्स ने टीम का विरोध किया और कार्रवाई रुकवा दी। कॉलोनीवासियों ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया था कि जब भी निगम की टीम कुत्ते पकड़ने आएगी, तो पुलिस का इंतजाम किया जाएगा। इसके बावजूद मौके पर अक्सर हंगामा हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉग लवर्स उन्हें धमकाते हैं और मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी देते हैं। कई बार पुलिस को सूचना देने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। कुत्ते पकड़ने आई टीम के साथ झगड़ा किया जाता है और उन्हें भगा दिया जाता है।कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाए और अपना घर शालीमार को कुत्तों के आतंक से जल्द से जल्द राहत दिलाई जाए।


