जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला सूचना केंद्र में आयोजित ‘लोक कल्याणकारी शिविर’ न केवल सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का माध्यम बना, बल्कि यह कई परिवारों के जीवन में नई उम्मीद की किरण लेकर आया। प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस शिविर में पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित कर सुशासन का परिचय दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव महेंद्र सिंह सोलंकी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय आर्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. छोटे लाल गुर्जर और नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या की उपस्थिति में हुआ। अधिकारियों ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित न रहे।
पीएम आवास और स्वनिधि योजना से मिली आर्थिक मजबूती शिविर में विशेष रूप से आवास और स्वरोजगार पर ध्यान केंद्रित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयनित पांच लाभार्थियों को घर बनाने के लिए 50-50 हजार रुपये की प्रथम किस्त जारी की गई। राशि मिलते ही लाभार्थियों के चेहरे पर संतोष के भाव नजर आए। ‘पीएम स्वनिधि योजना’ के अंतर्गत छोटे व्यवसायियों और जरूरतमंदों को ऋण राशि के चेक सौंपे गए। अधिकारियों ने बताया कि इस राशि से ये लाभार्थी अपने छोटे व्यवसायों का विस्तार कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। दिव्यांगजनों को मिली ‘रफ्तार’, बैंकों ने दी योजनाओं की जानकारी सामाजिक सरोकार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए दिव्यांग लाभार्थियों को स्कूटी वितरित की गई। इसके साथ ही शिविर में नगर परिषद और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने आमजन को ऋण प्रक्रियाओं और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की बारीकियों से अवगत कराया। विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि हमारा उद्देश्य न्याय को सुलभ बनाने के साथ-साथ आमजन को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। आज का यह शिविर विधिक साक्षरता और जन कल्याण का एक अनूठा संगम है। नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने कहा कि नगर परिषद प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र लोगों के आवेदनों का त्वरित निस्तारण हो। पीएम आवास और स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को आज मौके पर लाभान्वित किया गया है, यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।


