डीग में खंडेलवाल धर्मशाला में कांग्रेस की बैठक में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। यह बैठक नव नियुक्त जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी के स्वागत और संगठनात्मक रणनीति को लेकर बुलाई गई थी, लेकिन नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बैठक में जिलेभर से शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। नियुक्ति को लेकर नाराजगी, कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध जैसे ही जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी मंच पर पहुंचे, कुछ कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि राजीव चौधरी डीग शहर के निवासी नहीं हैं, इसलिए उन्हें गलत तरीके से पद दिया गया है। राजीव चौधरी गुट और राजाराम सिनसिनी समर्थक गुट के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। ‘एकजुट होकर काम करने’ का किया था आह्वान हंगामे से पहले, राजीव चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर साथ चलने की अपील की। कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद बैठक में प्रभारी राजेश चौधरी, पूर्व मंत्री जाहिदा खान, बयाना प्रभारी राजेश कटारा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्वेता यादव और पूर्व प्रधान जलिश खान सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शांत रहने और पार्टी की एकजुटता बनाए रखने की समझाइश दी।


