डीग पंचायत समिति के हालिया परिसीमन को लेकर ग्राम पंचायत बेढ़म के ग्रामीणों में भारी असंतोष है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बेढ़म की ओर से सरपंच केशव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर डीग उत्सव कौशल को एक आपत्ति ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि पंचायत समिति डीग के नवगठित वार्ड संख्या 8 में ग्राम पंचायत बेढ़म को ग्राम पंचायत अढ़ावली के साथ जोड़ा गया है। ग्राम पंचायत बेढ़म के समस्त मतदाता इसका विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बेढ़म और अढ़ावली की भौगोलिक स्थिति एक-दूसरे के विपरीत है, जिससे प्रशासनिक और सामाजिक समन्वय में कठिनाई उत्पन्न होगी। ग्राम पंचायत बेढ़म को वापस ककड़ा में जोड़ने की मांग
ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत बेढ़म को पुनः ग्राम पंचायत ककड़ा के साथ जोड़ा जाए। उनका तर्क है कि बेढ़म और ककड़ा आपस में निकटवर्ती हैं और दोनों पंचायतों के बीच सामाजिक सौहार्द और पारस्परिक संबंध लंबे समय से चले आ रहे हैं। इससे पूर्व भी दोनों पंचायतें एक ही पंचायत समिति वार्ड में शामिल रही हैं। आंदोलन की दी चेतावनी
ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि पंचायत समिति परिसीमन में जनभावनाओं के अनुरूप संशोधन नहीं किया गया, तो दोनों ग्राम पंचायतों के मतदाता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। भविष्य में वे मतदान के बहिष्कार का निर्णय भी ले सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, ग्रामीणों ने एक और मांग रखते हुए ग्राम पंचायत बेढ़म को उप-तहसील खोह से पृथक कर तहसील डीग में शामिल किए जाने की भी अपील की है। उनका मानना है कि इससे प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर पूर्व सरपंच भगवान सिंह, पूर्व सरपंच सीताराम बेढम, समंदर सिंह, रतिराम, नंदकिशोर फौजदार बेढम, चेतराम, जगदीश, पप्पू सैनी, लक्ष्मण, मोहरपाल और ज्ञानी मेंबर सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों को उम्मीद है कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर पंचायत समिति परिसीमन में आवश्यक संशोधन करेगी।


