डीग में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत परिवहन विभाग ने एक अनूठी पहल की। राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को डीग शहर की सड़कों पर ‘यमराज’ और ‘चित्रगुप्त’ की वेशभूषा में कलाकार उतरे। मुख्य चौराहों पर उन्हें देखकर वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। यह जागरूकता कार्यक्रम जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित किया गया। यह 11 से 25 दिसंबर तक चलने वाले 15 दिवसीय “सड़क सुरक्षा अभियान” का हिस्सा है। सोमवार को डीग शहर के बस स्टैंड सर्किल, गणेश मंदिर तिराहा, पुराना बस स्टैंड, लक्ष्मण मंदिर और मेला ग्राउंड क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कलाकारों ने यमराज और चित्रगुप्त का किरदार निभाते हुए बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चला रहे लोगों को रोका। यमराज बने कलाकार ने चालकों को गदा दिखाकर यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणाम समझाए। परिवहन निरीक्षक कमल दुबे ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है। अभियान के तहत, 13 दिसंबर से ‘सड़क सुरक्षा जन जागृति रथ’ जिले की विभिन्न तहसीलों में घूम रहा है। यह रथ राहगीर योजना, कैशलेस इलाज और हिट एंड रन मामलों में मुआवजे जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहा है। सोमवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहयोग से डीग-कामां मार्ग पर सड़क सुधार कार्य भी किया गया। इसमें रोड मार्किंग करवाई गई और सड़क किनारों से दृश्यता में बाधा बन रही झाड़ियों को हटाया गया। इस दौरान परिवहन विभाग की उड़नदस्ता टीम और सूचना सहायक नवीन कलोरिया भी मौके पर मौजूद रहे।


