डीग के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक के कथित अपहरण, मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है, जिसकी उच्च अधिकारी जांच कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार गांव इकलेरा निवासी मनीष (21) पुत्र गोपाल 14 जनवरी 2026 को शाम करीब 4:30 बजे डीग बाजार आया था। घंटाघर के पास सब्जी खरीदते समय गांव इकलेरा के ही आठ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि गिरधारी पुत्र नत्थी ने लोहे की सरिया, विकास पुत्र लेखराज ने चाकू, अमित पुत्र राजवीर ने डंडा, रामकरण पुत्र विजय सिंह ने हॉकी, रामनिवास पुत्र बिज्जो ने लाठी, परसराम पुत्र भुल्लू ने डंडा, शिब्वा पुत्र लच्छो ने चाकू और राजवीर पुत्र गुल्ले ने डंडे से मनीष पर हमला किया। आरोपियों ने उसे खींचकर श्याम मार्केट ले जाकर डंडों और लाठियों से पीटा। पीड़ित के शोर मचाने पर गांव के रोहित, सचिन और कल्लू मौके पर पहुंचे और आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। बाद में बाजार के अन्य लोगों के आने पर मनीष को बचाया जा सका। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उसकी शर्ट की जेब से 3 हजार रुपए भी छीन लिए गए। मनीष ने यह भी बताया कि 13 जनवरी को आरोपी उसके घर आए थे और कट्टे से फायर किया था, जिसका वीडियो उनके पास मौजूद है। इस मामले में थाना कोतवाली डीग में मुकदमा संख्या 13/26 बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। एडिशनल एसपी मुख्यालय डीग अकलेश शर्मा ने मंगलवार को बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वे स्वयं कोतवाली डीग में मामले की निगरानी कर रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि एक टीम एएसआई गोविंद सिंह के नेतृत्व में तथा दूसरी टीम सब इंस्पेक्टर अमर सिंह गुर्जर के नेतृत्व में गांव इकलेरा भेजी गई। कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर अमर सिंह की टीम ने रामकरण पुत्र विजय सिंह गुर्जर और गिरधारी पुत्र नत्थी सिंह गुर्जर को डिटेन किया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीणा का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


