भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ कार्यक्रम के तहत डीग जिले के शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता अभियान जारी है। सोमवार को मास्टर आदित्येंद्र राजकीय महाविद्यालय, डीग और राजकीय महाविद्यालय, कामां में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए विशेष सत्र आयोजित किए गए। मास्टर आदित्येंद्र राजकीय महाविद्यालय, डीग में राष्ट्रीय सेवा योजना और निर्वाचन साक्षरता क्लब ने मिलकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। क्लब प्रभारी संदीप कुमार ने छात्र-छात्राओं को ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने और परिवार के पात्र सदस्यों के एसआईआर फॉर्म भरवाने में बीएलओ का सहयोग करने का आग्रह किया। राजकीय महाविद्यालय, कामां में संस्था प्रधान अमन बंसल और स्वीप प्रभारी व सहायक आचार्य हरि राम स्वामी की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। यहां 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। वक्ताओं ने एसआईआर कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने को प्रेरित किया। दोनों महाविद्यालयों में कार्यक्रमों के समापन पर सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों ने लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए संविधान की उद्देशिका के अनुरूप निष्पक्ष मतदान की शपथ ली।


